पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 6 नवम्बर। दिल्ली के प्रगति मैदान में 3 से 5 नवंबर तक आयोजित मेगा फूड इवेंट “वर्ल्ड फूड इंडिया 2023” के समापन समारोह में राज्यों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को प्रथम पुरस्कार मिला। इस अवार्ड को बिहार सरकार की ओर से उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्ड्रिक (भाप्रसे) एवं उद्योग विभाग के खाद्य प्रसंस्करण निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय (भाप्रसे) ने “वर्ल्ड फूड इंडिया 2023” के समापन समारोह के मुख्य अतिथि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से ग्रहण किया। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस भी मौजूद थे।
वर्ल्ड फूड इंडिया 2023 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार मिलने पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्ड्रिक (भाप्रसे) ने कहा कि वर्ल्ड फूड इंडिया में प्रथम पुरस्कार मिलना गौरव की बात है। साथ ही यह सम्मान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्य को मिला सम्मान है। आज बिहार फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में भारत के अग्रणी राज्य में से एक है। कृषि आधारित उद्योग एवं निर्यात में बिहार भारत के अग्रणी राज्यों में शुमार है। आज बिहार निवेशकों के लिए एक आदर्श राज्य के रूप में उभर कर सामने आया है।
उद्योग विभाग के खाद्य प्रसंस्करण निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय (भाप्रसे) ने कहा कि वर्ल्ड फूड इंडिया 2023 में पार्टनर स्टेट के रूप में बिहार के इन्वेस्ट बिहार पवेलियन ने आगंतुकों एवं निवेशकों को काफी आकर्षित किया। तीन दिन तक चले वर्ल्ड फूड इंडिया में हमने देश-विदेश से आए आगंतुकों, निवेशकों एवं प्रतिनिधियों से लगातार बैठकें की तथा निवेश के काफी प्रस्ताव मिले। लोगों ने फूड प्रोसेसिंग एवं अन्य क्षेत्र में बिहार में निवेश करने में दिलचस्पी दिखाई।
तीन दिन तक चले वर्ल्ड फूड इंडिया में इन्वेस्ट बिहार पवेलियन में राकेश मसाला, सतुज आदि कंपनियों के उत्पाद लोगों को काफी पसंद आये। एमबीए मखानावाला के मखाना के अलग-अलग 9 फ्लेवर के रोस्टेड मखाना एवं मखाना कुकीज के लोग मुरीद हो गए। स्टार्टअप कंपनी एमबीए मखानावाला के श्रवण कुमार राय ने बताया कि मखाना के रेस्टोरेंट उत्पादन के 22 वैरायटी लेकर हम आ रहे हैं। सचिन कुमार की स्टार्टअप कंपनी सतुज के अलग-अलग फ्लेवर वाले सत्तू भी लोगों ने काफी पसंद किया। सचिन कुमार ने कहा कि सत्तू के सैसे के अलग-अलग फ्लेवर लोगों को खूब पसंद आये। इन्वेस्ट बिहार पवेलियन में बिहार के स्टार्टअप कंपनियां 8 एमएसएमई एवं 8 बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया।

