पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 21 अक्टूबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरदार पटेल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पांचवें तल्ले पर स्थित बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यालय गए और वहाँ के कार्यों तथा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा ने आपदा प्रबंधन के लिए किए जा रहे कार्यों, नई पहल, नव प्रवर्तन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आपदा प्रबंधन को लेकर राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत स्कूलों में 9वीं से 12वीं कक्षा के बच्चों को सुरक्षित शनिवार और सुरक्षित रविवार को प्रशिक्षित किया जाता है। जीविका दीदीओं, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों आदि को आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन के संबंध में प्रशिक्षित किया जाता रहा है। नवीनतम तकनीक के आधार पर भी चेतावनी प्रणाली को द्रुत बनाया गया है। कई नई पहल और नव प्रवर्तन किए गए हैं। लोगों को आपदा से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें जागरूक किया जाता है। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण संवेदनशीलता के साथ आपदा से बचाव को लेकर बेहतर ढंग से कार्य करते रहें।
इस दौरान वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदय कांत मिश्रा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य पीएन राय, मनीष कुमार वर्मा एवं कौशल किशोर मिश्रा, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आरएस भट्टी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सह गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ, आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
