
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 16 नवम्बर। लोक आस्था एवं सूर्योपासना का महापर्व छठ अस्ताचलगामी सूर्य और उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही संपन्न हो गया। और इसी के साथ चार दिवसीय इस महापर्व की इतिश्री हो गई। धार्मिक आस्था के इस महान पर्व की शुरुआत कार्तिक शुक्ल चतुर्थी तिथि से और अंत कार्तिक शुक्ल सप्तमी तिथि को हुई। कार्तिक शुक्ल चतुर्थी तिथि को छठव्रतियों ने नहाय-खाय किया।
उस दिन व्रतियों ने गंगा सहित अन्य नदियों या घरों मे नहा धोकर अरवा चावल, चना का दाल, लौकी की सब्जी, लौकी, आलू, गोभी, अगस्त का फूल आदि का बजका बना कर खाया और अपने परिजनों, मित्रों एवं रिश्तेदारों को प्रसाद स्वरूप खिलाया। कार्तिक शुक्ल पंचमी तिथि को छठव्रतियों ने पूरे दिन व्रत रहकर गोधूलि वेला मे खरना किया। खरना मे छठव्रतियों ने गुङ का खीर तथा रोटी का प्रसाद चढ़ाया और अपने परिजनों, मित्रों एवं सगे संबंधियों को प्रसाद खिलाया। कहीं-कहीं गुड़ के खीर के साथ पूङी और केला का प्रसाद चढ़ाने की भी परंपरा है। खरना को लोग संझत या लोहंडा भी कहते हैं। अलग-अलग जगह पर इसे अलग-अलग नाम से जाना जाता है। इसके बाद पूरे दिन निर्जला व्रत रहकर छठव्रतियों ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी तिथि को नदी, तालाब, आहर, पोखर या अपने-अपने घरों के छत पर पानी मे खड़ा होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस अवसर पर बांस या पीतल के सूप मे अथवा पीतल की थाली मे ठेकुआ, विभिन्न प्रकार का फल, दीप आदि लेकर छठव्रतियों ने अर्घ्य दिया। कार्तिक शुक्ल सप्तमी तिथि को छठव्रतियों ने उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पण किया। इस दौरान छठव्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास रखा। और इसी के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महान पर्व छठ संपन्न हो गया। यह पर्व लोक आस्था एवं धार्मिक आस्था के साथ-साथ एकता, आपसी सहिष्णुता, स्वच्छता एवं शुद्धता और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। दुनिया मे जहाँ लोग उगते सूर्य और उगते शक्ति की पूजा करते हैं वहीं हिंदू धर्म मे डूबते सूर्य और उगते सूर्य दोनों की पूजा की जाती है। यह हिंदू धर्म के सहिष्णुता, समानता एवं त्याग का प्रतीक है। छठ पर्व पर उगअ हे सूरूज देव भइल भिन्सरवा अरग के बेरवा पूजन के बेरवा, दउरा घाटे पहुंचाये, केरवा के पात पर उगहे सूरज देव, रूनकी झुनकी बेटी मांगीला पढल पंडितवा दामाद, बहंगी लचकत जाय जैसे मनभावन गीतों से माहौल भक्तिमय एवं छठमय हो गया।
आज के जमाने मे जहां भ्रूण हत्या की जाती है और लोग लड़कियों के जन्म से बहुत ज्यादा खुश नहीं होते हैं वहीं छठ मैया से लोग रूनकी-झुनकी बेटी के साथ-साथ पढ़ा लिखा और विद्वान दामाद की कामना करते हैं। छठ महापर्व मे सूर्य भगवान और सूर्य भगवान की बहन छठी मैया की पूजा की जाती है। यह प्रकृति के प्रति अगाध आस्था एवं स्नेह का प्रतीक है।
