मोतीहारी/बिहार 17 अक्टूबर।चकिया प्रखंड क्षेत्र के कुडिया पंचायत स्थित कुड़िया गांव में आज मुस्कान किशोरी समूह की बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी चकिया रोशनी कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी रोशनी कुमारी ने किशोर-किशोरियों एवं समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि यह बैठक किशोर-किशोरी सशक्तिकरण के लिए आयोजित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इनके अंदर नेतृत्व, आत्मविश्वास, जागरूकता और क्षमता विकास करना इस कार्यक्रम का लक्ष्य है, जिससे वे वास्तविक एवं सामाजिक परिस्थितियों का सामना करके उनका व्यावहारिक हल ढूंढ सकें। उन्होंने बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्परिणामों एवं उसके कानूनी प्रावधानों से भी किशोर किशोरी को अवगत कराया।
इस अवसर पर बल रक्षा भारत सेव द चिल्ड्रेन के प्रोजेक्ट मैनेजर पीयूष कुमार ने कहा किशोर- किशोरी के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उनके अंदर होनी चाहिए ताकि वह अपने और अपने समुदाय को उससे अवगत करा कर उसका लाभ दिलाने में सक्षम हो सके। उन्होंने कहा कि किशोर और किशोरी परिवर्तन दूत के रूप में काम कर समाज के लोगों का व्यवहार में बदलाव लाने में मदद करे। जिससे लोग बच्चों से काम नहीं कराए, बच्चों की कम उम्र में शादी नहीं करें और सभी बच्चे स्कूल में रहें इस के लिए एक बेहतर वातावरण का निर्माण हो , तभी हम बाल हितैसी गांव या पंचायत की कल्पना कर सकते हैं।
