चतरा/झारखंड 23 सितंबर।समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त अबु इमरान के निर्देशानुसार जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी एवं जिला नजारत उप समाहर्ता अमरदीप बलहोत्रा ने जनता दरबार के माध्यम से समस्याओं को लेकर मिलने आए आमजनों की समस्याएं सुनी।
जनता दरबार में इटखोरी प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने आवेदन के माध्यम से बताया कि मेरे पिता कैंसर से पीड़ित है। बेहतर इलाज हेतु टाटा मेडिकल हॉस्पिटल मुंबई में भर्ती कराया गया है। आयुष्मान कार्ड नहीं बना हुआ है मेरी आर्थिक स्थिति बहुत ही खराब है। जिसके कारण मैं इलाज कराने में असमर्थ हूं। सलमान जफर खिजरी ने आवेदन का अवलोकन करते हुए सिविल सर्जन चतरा को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलवाने सहित नियमानुसार कैंसर पीड़ित व्यक्ति के इलाज हेतु सरकारी लाभ से लाभान्वित करने की बात कही। इसी प्रकार भूमि विवाद, कस्तूरबा विद्यालय में नामांकन से संबंधित, आंगनवाड़ी, अनुकंपा, विधवा पेंशन, स्वास्थ्य विभाग, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समेत अन्य मामलें शामिल थे।
उपायुक्त अबु इमरान के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड क्षेत्रों में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के द्वारा रोस्टर अनुसार जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है जिससे सुदूरवर्ती क्षेत्र के लोगों के शिकायतों का निष्पादन प्रखंड मुख्यालय स्तर पर ही किया जा सके।
ज्ञात हो कि सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार/शनिवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से 01:00 बजे अपराह्न तक समाहरणालय में उपायुक्त द्वारा जनता दरबार के माध्यम से आम जनों की समस्याएं सुन उनका निराकरण किया जाता है।
