सारण/छपरा 05 सितंबर। शिक्षक दिवस-2023 के अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग सारण के द्वारा आयोजित सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत आयुक्त सारण प्रमंडल, छपरा सर्वानन एम के द्वारा रेल पहिया कारखाना बेला, सारण के परिसर में आज किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी सारण अमन समीर और उप विकास आयुक्त सारण प्रियंका रानी एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे। उक्त अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त ने बताया कि आज पर्यावरण को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। बदलते आधुनिकता के दौर में वृक्षों की अंधाधुंध कटाई की गई है। इसके परिणाम स्वरूप प्रकृति में असंतुलन पैदा हो गया है।पूरा विश्व आज बदलते जलवायु परिवर्तन से रूबरू है। कहीं बारिश ज्यादा हो रही है, तो कहीं बिल्कुल भी नहीं।सर्दी के मौसम में गर्मी का एहसास हो रहा है। गर्मी भी अत्यधिक प्रचंड पड़ रही है । बारिश में भी कमी महसूस की जा रही है।यह सब पारिस्थितिकी असंतुलन के कारण हो रहा है।आज हम सबों का कर्तव्य बनता है कि पेड़ों की कटाई को बंद कर नए पौधे लगाए ताकि आने वाली पीढ़ी को एक अच्छा बेहतर भविष्य दे सकें। सबो से पेड़ लगाने एवं उसकी देखभाल करने का भी अनुरोध आयुक्त ने किया।
