पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 16 अगस्त। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 77 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना जिला के पुनपुन प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत के खपुरा महादलित टोला मे आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए। स्थानीय वयोवृद्ध राम लखन चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में झंडोत्तोलन किया। स्थानीय नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को फूलों की बड़ी माला पहना कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंधापन निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत पांच लाभुकों के बीच चश्मा वितरित किया। सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत स्वरोजगार हेतू 297 जीविका स्वयं सहायता समूह के लाभार्थियों को एक करोड़ 25 लाख रुपये का सांकेतिक चेक एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने सात निश्चय योजना अंतर्गत आर्थिक हल, युवाओं को बल कार्यक्रम के तहत स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड/ कुशल युवा कार्यक्रम के लाभुकों को स्वीकृति पत्र एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृत राशि का सांकेतिक चेक वितरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 77 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोतोलन के मुख्य कार्यक्रम गांधी मैदान पटना में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद खपुरा महादलित टोला में झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने वहाॅ के सबसे वृद्ध व्यक्ति राम लखन चौधरी द्वारा झंडोत्तोलन करने पर खुशी जताई। कोरोना महामारी के कारण 3 वर्षों तक इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सका था। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2011 से राज्य के सभी महादलित टोलों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम की शुरुआत की गई। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पटना जिले के किसी एक स्थल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल होते रहे हैं। इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य वरीय पदाधिकारी विभिन्न महादलित टोला में शामिल होते हैं। इस अवसर पर लोगों को राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी जाती है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर शुरू से ही कार्य कर रही है जिसमें हर इलाके एवं हर तबके का विकास शामिल है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति,अति पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं सहित सभी वर्गों एवं सभी जातियों के उत्थान के लिए काम किया है। शिक्षा के क्षेत्र में अधिक से अधिक लड़कियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं।
