लोहरदगा/झारखंड 15 अगस्त।स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर लोहरदगा के स्टेडियम परिसर में उपस्थित लोहरदगा जिला के समस्त नागरिकों, न्यायिक, पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी, विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत पदाधिकारी/कर्मचारीगण, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, मंच पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्ति, लोहरदगा जिला के सभी जनप्रतिनिधि एवं प्रेस मीडिया के बंधुओं को 76वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
स्वतंत्रता दिवस का 76 वां साल अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सम्पूर्ण भारत वासियों के लिए अमिट गौरव की अनुभूति का अवसर है। यह आजादी हमारे पूर्वजों के अत्यंत कठिन, लंबी एवं निरंतर संघर्ष तथा कुर्बानी की परिणति है। देश के उन तमाम महान स्वतंत्रता सेनानियों को आज का यह 76 वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह समर्पित है।
पहले ईस्ट इंडिया कम्पनी तथा वर्ष 1857 के बाद ब्रिटिश हुकूमत की लम्बी गुलामी ने इस देश का आर्थिक दोहन ही नहीं किया बल्कि हमारी सामाजिक, सामुदायिक परम्पराओं, आत्मसम्मान, सबको कुचल कर रख दिया। सोने की चिड़ियां कहा जाने वाला भारतवर्ष और इसके निवासी अत्यन्त दरिद्रता, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक शून्यता की ओर अग्रसर हो गया। स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष में झारखण्ड भी अछूता नहीं रहा। यहाँ भगवान बिरसा मुण्डा, वीर बुधू भगत, सिद्धो-कान्हू, हलघर- गिरधर, निलाम्बर-पिताम्बर जैसे अनेक सपूतों ने गुलामी की इस छटपटाहट से मुक्ति हेतु आन्दोलन किया। गांधी जी के द्वारा दिया गया सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह एवं असहयोग आन्दोलन इस संग्राम का मूल मंत्र रहा। आजादी के संग्राम भारत के वीरो एवं क्रांतिकारियों जैसे; भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, आजाद, रास बिहारी बोस जैसे अनेक देशभक्तों की कुर्बानियों के पश्चात् हमें आजादी मिली है। यह आजादी भारत की उन्नति का अवसर एवं दायित्व लेकर आया, जिसके 76वें गौरवशाली वर्ष का हम आज उत्सव मना रहे है। पंडित जवाहर लाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। देश में हरित एवं श्वेत क्रांति लाने के लिए दृढनिश्चयी श्री लाल बहादुर शास्त्री एवं श्रीमती इंदिरा गांधी की भूमिका को 76 वें आजादी के इस अवसर पर मैं शत-शत नमन करता हूँ।
17 मई 1983 ई० को लोहरदगा जिला की स्थापना के समय जिले में आधारभूत संरचना, सिंचाई की सुविधा एवं कृषि व्यवस्था में सुधार करना मुख्य चुनौती थी, जिसमें 15 नवम्बर 2000 को झारखण्ड पृथक राज्य बनने के बाद त्वरित गति से सुधार हुआ है। कृषि आधारित अर्थव्यवस्था में सुधार हेतु सिंचाई, उन्नत खाद एवं बीज, कृषि ऋण, आधुनिक तकनीक के विकास जैसे पहलू को वर्तमान सरकार में विशेष प्राथमिकता देकर गति प्रदान किया गया है।
*लोहरदगा जिले के विभिन्न विभागों की उपलब्धियाँ निम्न प्रकार हैं :-*
राशन कार्ड -राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (लाल+पीला राशन कार्ड) अन्तर्गत 4,29,446 लाभुक एवं हरा कार्ड अन्तर्गत 24,758 लामुक को प्रत्येक माह खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है।
सोना सोबरन धोती साड़ी वितरण योजना
1,04,850 कार्डधारियों को एक साड़ी तथा एक धोती अथवा एक लुंगी प्रति कार्ड सिर्फ 10 रू0 की दर से वितरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पेट्रोल सब्सिडी अनुदान योजना
दोपहिया वाहन चालक सदस्यों को प्रत्येक माह 10 लीटर पेट्रोल की सब्सिडी राशि 250 रु० डी०बी०टी० के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।
लोहरदगा जिला में गरीबी उन्मूलन के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएँ संचालित है, जिनमें सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण योजना महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार के रूप में संचालित है। वर्ष 2023-24 में अबतक कुल 2404.04 लाख रु व्यय किया गया है जिसमें पचीस हजार से अधिक परिवारों को काम उपलब्ध कराया गया है। साथ ही, उनके परिवारों के अजिविका वृद्धि हेतु बिरसा हरित ग्राम जैसे महत्त्वकांक्षी योजना चलायी जा रही है।
जिले में वर्ष 2016 से 2022 तक 34,306 (चौतीस हजार तीन सौ छह) आवास स्वीकृत किए गए है जिनको पूर्ण किया जा रहा है। राज्य सरकार के द्वारा निर्धन,विधवा एवं आपदा प्रभावित परिवारों को बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर आवास जैसी महत्वपूर्ण आवास योजना चलाई जा रही है।
लोहरदगा जिला अन्तर्गत कुल आंगनबाड़ी केन्द्रों की संख्या 749 है जिसने 52,116 बच्चों तथा 6845 गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना / मुख्यमंत्री कन्यादान योजना (MKY) / प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY)/ सखी वन स्टॉप सेन्टर (OSC) आदि जैसी महत्वकांक्षी योजनाएं चलायी जा रही है एवं हमारी सरकार इन योजनाओं को धरातल पर लागू कर रही है।
लोहरदगा जिला में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा संस्थागत प्रसव बच्चों के टीकाकरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। कुल संस्थागत प्रसव की उपलब्धि लक्ष्य से अधिक (118%) रहा है।
लोहरदगा वासियों को स्वास्थ्य की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए 100 बेड का सदर अस्पताल का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। बहुत जल्द लोहरदगा वासियों को इसका लाभ प्राप्त होगा। सभी प्रखण्डों में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर बनाने के लिए आधुनिक सुविधाओं सहित एम्बुलेंस सेवा आरंभ की गयी है।
लोहरदगा जिला के गरीब मध्यम वर्ग के छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में तीन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (CM School of Excellence) की स्थापना की गई है। साथ ही साथ, कम्प्यूटर प्रशिक्षण एवं ICT Lab को स्थापना भी की गई है। इससे छात्र-छात्राओं को बेहतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। लोहरदगा जिला में आपदा प्रबंधन के तहत अधिसूचित आपदाओं यथा; वज्रपात, सड़क दुर्घटना, तूफान, अतिवृष्टि, पानी में डूबने, सर्पदंश, सुखाड़ राहत योजना के तहत लोगों को क्षति के लिए मुआवजा का भुगतान किया जाता है।
कृषि के क्षेत्र में बीज विनिमय एवं वितरण योजना के तहत 50% अनुदान पर उन्नत किस्म के बीज किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना के तहत 16,831 (सोलह हजार आठ सौ इक्कतीस) किसानों के खाते में DBT के माध्यम से कुल राशि 5,88,45,500/- (पाँच करोड अठासी लाख पैतालीस हजार पाँच सौ) रूपये हस्तान्तरित की जा चुकी है। झारखण्ड कृषि ऋण माफी योजना (JKRMY) के तहत अब तक किसानों का 31.16 करोड़ रू का ऋण माफ किया गया है।
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना
जिले में अबतक पशुपालकों को पशुधन यथा; बकरा विकास अंतर्गत 118, सुकर विकास अंतर्गत 07 इकाई / बत्तख चूजा अंतर्गत 337 इकाई / दो गाय योजना अंतर्गत 121 इकाई / पाँच गाय की योजना अंतर्गत 06 इकाई का वितरण किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री मत्स्यसंपदा योजना के अंतर्गत मत्स्य विपणन को बढ़ावा देने हेतु मछुआरों को आईस बॉक्स के साथ तीन पहिया वाहन, दो पहिया वाहन एवं साईकिल अनुदान स्वरूप उपलब्ध कराया गया है।
मत्स्य कृषकों की आय में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा मछली-सह-बत्तख पालन की योजना चलायी जा रही है।
JSLPS परिवार आज लोहरदगा जिले में लगभग 5135 सखी मंडल के साथ 63,885 लक्षित परिवारों के बीच पहुंच बनाते हुए महिलाओं को स्वावलंबी बना रहा है।JSLPS को महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को पलाश मार्ट के माध्यम से बाजार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही है।
लोहरदगा जिला अन्तर्गत नगर की स्वच्छता के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management ) अन्तर्गत डोर-टू-दोर कचरा Collection, Transportation एवं प्रबंधन हेतु SWM Plant का अधिष्ठापन किया जा रहा है।
SCA मद से इस जिले के शिक्षित युवक-युवतियों को स्वावलंबी एवं हुनरमंद बनाने के लिए शत-प्रतिशत सरकारी खर्च से IHM, टूल्स रुम जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों से MOU कर क्राफ्टमैनशिप कोर्स, CNC ऑपरेटर, मशीन टेक्नीशियन आदि के प्रशिक्षण के साथ-साथ जिलास्तर पर भी कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र आदि का स्थापना किया गया है।
स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक मशीनों से युक्त एम्बुलेंस जिलावासियों को उपलब्ध कराया गया है।
सामाजिक सुरक्षा के तहत केन्द्र एवं राज्य द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाएं चलाई जा रही है जिसके तहत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांग पेंशन, मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन, आदिम जनजाति पेंशन, मुख्यमंत्री राज्य Hiv/Aids पीडित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन आदि योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये पेंशन राशि का भुगतान किया जाता है।
विद्यालय छात्रवृति योजना, चिकित्सा अनुदान, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना एवं अनुसूचित जनजाति /अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण जैसे जन उपयोगी योजनाओं के क्रियान्वयन से लोहरदगा वासी लाभान्वित हो रहे हैं।
आदिवासी संस्कृति उत्थान के लिए इस वर्ष 25 अखड़ा, 1 पडहा भवन, 27 घुमकुडिया, 40 सरना / मसना घेराव निर्माण कार्य कराया जा रहा है। हमारी सरकार लोहरदगा जिला में 300 सांस्कृतिक वाद्य यंत्र नगाड़ा / मांदर का वितरण कर रही है।
पिछडा वर्ग एवं अल्पसख्यकों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही साथ इस वर्ष 66 कब्रिस्तान घेराबन्दी का कार्य कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अन्तर्गत जिले के 120 युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़कर रोजगार सृजन हेतु 37 लाभुकों को 27 लाख 74 हजार रू० मार्जिन मनी अनुदान दिया गया है।
लोहरदगा जिला अन्तर्गत कोयल नदी, शंख नदी, दक्षिणी कोयल नदी में उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया गया है जिससे सुदूरवर्ती क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से जुड़ाव हो रहा है। जो हमारी सरकार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
• RCPLWEA/PMGSY-III
इस योजना अन्तर्गत एक सड़क का निर्माण पूर्ण किया गया है, जिसकी लम्बाई 8.33 कि०मी० है। शेष 25 योजनाओं का कार्य प्रगति में है जिसकी कुल लम्बाई 193.09 कि०मी० है। इससे सुदूवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों का सम्पर्क मुख्यालय से जुड़ जायेगा।
जल जीवन मिशन (JJM) जल जीवन निशन अन्तर्गत ग्राम स्तर पर सभी घरों, आँगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्र, पंचायत भवन आदि में नल से जल (Tap Water Connection) के माध्यम से शुद्ध जल 55 लीटर प्रति व्यक्ति उपलब्ध कराया जाना है। जिले में अब तक कुल 29 ग्राम में 100% घरों तथा आँगनबाडी केन्द्र, स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्र, पंचायत भवन आदि में नल से जल (Tap Water Connection) से शुद्ध जल पहुँचाया जा चुका हैं।
लोहरदगा जिला में 46 करोड़ रुपये की लागत से नये समाहरणालय भवन का निर्माण कार्य चल रहा है जिसे अप्रैल 2024 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसी प्रकार हमारी सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुँचाने हेतु अन्य कई जन कल्याणकारी कार्यों को धरातल पर उतार रही है। हमारा यह लगातार प्रयास रहा है कि समाज का हर व्यक्ति इन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर लाभ प्राप्त कर सके।
अंत में शहीदों के सम्मान में मैं यह कहूंगा-
दे सलामी इस तिरंगे को
जिस से तेरी शान है,
सर हमेशा ऊँचा रखना इसका
जब तक दिल में जान हैं ॥
आईए हम सब एक साथ मिलकर एक स्वच्छ सुन्दर, शिक्षित, स्वस्थ एवं समृद्ध लोहरदगा के निर्माण में सहभागी बनें और इसके लिए अवसर प्रदान कराने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को पुनः शत्-शत् नमन करें।
जय हिन्द, जय झारखण्ड !
