जयपुर/राजस्थान 10 अगस्त। जन सम्मान वीडियो कांटेस्ट में अब 5 सितंबर तक प्रदेशवासी योजनाओं के आधार पर वीडियो बना सकेंगे और लाखों रुपए की इनाम राशि जीतने का मौका पा सकेंगे। इस कांटेस्ट के माध्यम से आमजन में जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक सुगमता और तेजी से पहुंच रही है। साथ ही योजनाओं की जानकारी देते हुए रचनात्मक वीडियो बना कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने का मौका भी मिल रहा है। प्रदेशवासी अपने वीडियो को दो सोशल मीडिया हैंडल पर #JanSammanJaiRajasthan के साथ शेयर कर सकते है। उचित मापदंडों के आधार पर वीडियो की जांच-परख के बाद पुरस्कार की श्रेणी में रखा जाता है।
गुरुवार को जारी हुए शनिवार, 7 अगस्त के परिणाम में झोटवाड़ा, जयपुर की संतोष कंवर ने प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये जीते।
दूसरे स्थान पर सरदारशहर, चूरू की चंद्रकला पारीक रहीं। उन्होंने 50 हजार रुपये की ईनाम राशि प्राप्त की।
इसी प्रकार डीडवाना, नागौर के नेमीचंद ने 25 हजार रूपये की ईनाम राशि जीत कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
साथ ही 100 प्रदेश वासियों को 1000 रूपये का प्रेरणा पुरस्कार भी मिला |
राज्य सरकार के इस नवाचार से प्रदेश वासियों में जनसम्मान के साथ नई योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है।

