RK TV News
खबरें
Breaking Newsशिक्षा

संसदीय कार्य मंत्रालय ने शिक्षा निदेशालय, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार और नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के अधीन विद्यालयों के लिए 55वीं युवा संसद प्रतियोगिता, 2022-23 का पुरस्‍कार वितरण समारोह आयोजित किया।

नई दिल्ली/22 जुलाई।शिक्षा निदेशालय, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार और नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के अधीन विद्यालयों के लिए 55वीं युवा संसद प्रतियोगिता, 2022-23 का पुरस्‍कार वितरण समारोह 21 जुलाई को संसद भवन परिसर, नई दिल्‍ली में आयोजित किया गया। 55वीं युवा संसद प्रतियोगिता, 2022-23 में स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, कालकाजी, दिल्ली ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।
अर्जुन राम मेघवाल, विधि और न्याय मंत्रालय में राज्‍य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री और संस्कृति मंत्रालय में राज्य मंत्री ने स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, कालकाजी, दिल्ली के छात्रों की विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किया। 10 अन्य विद्यालयों को भी प्रतियोगिता में उनके योग्य निष्पादन हेतु पुरस्कृत किया गया।

विजेता विद्यालयों की सूची नीचे दी गई है।

लिटिल फ्लॉवर्स पब्लिक सीनियर सकेंड्री स्कूल, शिवाजी पार्क, शाहदरा, दिल्ली।
सेंट गिरी सीनियर सकेंड्री स्कूल, पॉकेट 25-27, सेक्टर-3, रोहिणी।
राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय, बी-3, पश्चिम विहार, दिल्ली।
नवयुग सीनियर सकेंड्री स्कूल, पेशवा रोड़, नई दिल्ली।
श्री गुरू नानक पब्लिक स्कूल, बंगला रोड़, आदर्श नगर, दिल्ली।
सर्वोदय विद्यालय, जयदेव पार्क, दिल्ली।
सर्वोदय सह-शिक्षा विद्यालय, गुलाबी बाग, दिल्ली।
केरला सीनियर सकेंड्री स्कूल, एम-ब्लॉक, विकास पुरी, नई दिल्ली।
सर्वोदय सह-शिक्षा विद्यालय, जाफरपुर कलां, नई दिल्ली।
राजकीय सह-शिक्षा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साइट-2, सेक्टर-6, द्वारका, नई दिल्ली।
मंत्री, मेघवाल ने कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ परस्पर संवाद का सत्र भी आयोजित किया। मंत्री ने छात्रों के साथ बातचीत करते हुए आह्वान किया कि युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों और नैतिकता को सीखना और अपनाना चाहिए और दुनिया के इस सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश की सद्भावना और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए खुद को समर्पित करना चाहिए।
मेघवाल ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण को बचाने और स्वस्थ जीवन शैली के लिए शपथ भी दिलाई।
अपने स्वागत भाषण में, संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव, जी. श्रीनिवास ने छात्रों से संसदीय कार्यवाही की पद्धति और प्रक्रिया को सीखने और लोकप्रिय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा संसद प्रतियोगिताओं को स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक विस्तारित किया गया है।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, कालकाजी, दिल्ली की विजेता टीम ने युवा संसद की बैठक पुन: प्रस्तुत की जिसे सम्मानित जनसमूह द्वारा अत्यधिक सराहा गया़।
संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 57 वर्षों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के विद्यालयों के लिए युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। शिक्षा निदेशालय, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार और नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के विद्यालयों के लिए युवा संसद प्रतियोगिता की योजना के तहत, श्रृंखला में 55वीं प्रतियोगिता वर्ष 2022-23 के दौरान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के 39 विद्यालयों के बीच आयोजित की गई थी।
युवा संसद योजना का उद्देश्य युवा पीढ़ी में आत्म-अनुशासन, विविध विचारों के प्रति सहिष्णुता, विचारों की उचित अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक जीवन शैली के अन्य गुणों को विकसित करना है। इसके अलावा, यह योजना छात्रों को संसद की परिपाटियों और प्रक्रियाओं, चर्चा और बहस की तकनीकों से भी परिचित कराती है और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व के गुण और प्रभावी वक्तृत्व की कला और कौशल का विकास करती है।

 

Related posts

केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने 1 जून से विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम के बीच उड़ान सेवा फिर से शुरू करने की घोषणा की।

rktvnews

अंबेडकर जयंती पर भाजपा भोजपुर ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की , आर के सिंह हुए शामिल।

rktvnews

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ की लागत वाली आवासीय परियोजनाओं का किया शुभारंभ।

rktvnews

मनुमुक्त ‘मानव’ :23 नवंबर को 42वीं जयंती पर विशेष:पुलिस अकादमी में हुई संदिग्ध मृत्यु।

rktvnews

पटना:आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बिहार अग्निशमन सेवा, नगर निगमों और प्रशिक्षित युवक-युवतियों के समन्वयन से कार्य करने की बनी सहमति।

rktvnews

भोजपुर:क्रैश कोर्स के द्वितीय चरण की परीक्षा डॉ.नेमीचन्द्र शास्त्री बालिका उ.वि.में आयोजित।

rktvnews

Leave a Comment