रोहतास/ बिहार 13 जुलाई।बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित अवर निरीक्षक मद्य निषेध एवं अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी की नियुक्ति हेतु दिनांक 16.07.2023 को निर्धारित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाए रखने, स्वच्छ, कदाचार रहित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संचालन हेतु आज जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक की गई।
उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त रोहतास, अपर-समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी रोहतास, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कोषागार पदाधिकारी, सभी केंद्राधीक्षक, सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला पदाधिकारी द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराते हुए निम्न निर्देश दिए गए :-
परीक्षा दिनांक 16.07.2023 (रविवार) को एक पाली में पूर्वाहन 10:00 बजे से 12:00 अपराहन तक आयोजित है। परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों का प्रवेश, परीक्षा प्रारंभ होने के 20 मिनट पूर्व तक अर्थात 09:40 बजे पूर्वाहन तक अनुमान्य है।
जिलांतर्गत कुल 4 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं जो सभी सासाराम अनुमंडल में अवस्थित है केंद्र का नाम इस प्रकार है :
1.श्री शंकर उच्च माध्यमिक विद्यालय,तकिया, सासाराम
2. शेरशाह कॉलेज,सासाराम, रोहतास
3. बाल विकास विद्यालय रौजा रोड,सासाराम
4. डीएवी पब्लिक स्कूल अदमापुर, सासाराम
परीक्षार्थियों की कुल संख्या 3454 है।
कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन हेतु सभी केंद्राधीक्षक को निर्देश दिया गया कि परीक्षा के पूर्व केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे एवं केंद्र के मुख्य द्वार पर परीक्षा से संबंधित जानकारी को प्रदर्शित करेंगे।
सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय के पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में अनुमति प्रदान नहीं करेंगे एवं परीक्षा समाप्ति तक किसी को बाहर जाने के अनुमति नहीं देंगे।
सभी स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर समय से 02 घंटे पूर्व उपस्थित रहेंगे ताकि किसी भी प्रकार की विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न ना हो सके।
सभी जोनल दंडाधिकारी को निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री निर्धारित समय के पूर्व परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंचाई जाए। साथ ही परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों का अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत परीक्षा केंद्रों का सतत निरीक्षण करेंगे।
उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे एवं कदाचार करते पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

