पंडाल प्रबंधकों से अस्थायी कनेक्शन लेकर बिजली उपयोग करने की अपील।
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)12 अक्टूबर।दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधुत अधीक्षण अभियंता, भोजपुर, विद्युत कार्यपालक अभियंता, आरा एवं सहायक विद्युत अभियंता, आरा शहरी-1 एवं शहरी-2 द्वारा आरा शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान माँ आरण्य देवी मंदिर, सिंडिकेट एवं नाला मोड़ क्षेत्र स्थित पूजा पंडालों के आसपास की विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस क्रम में संबंधित विद्युत कर्मियों को पंडाल से संबंधित ट्रांसफार्मर का आवश्यक मेंटेनेंस कराने, शीशमहल चौक के पास नंगे तार को कवर कंडक्टर से बदलने तथा सिंडिकेट के पास ट्रांसफार्मर के जले हुए केबल की मरम्मत कर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
विद्युत विभाग ने सभी दुर्गा पूजा पंडाल प्रबंधकों से अपील की है कि वे बिजली का उपयोग करने के लिए विभाग से विधिवत अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपभोग करें। अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने तथा बिजली के तारों से छेड़छाड़ करने से बचें। पंडालों में वायरिंग सुरक्षित तरीके से कराएं और खुले तारों एवं कटे-फटे केबल का इस्तेमाल न करें। विद्युत तारों एवं ट्रांसफॉर्मर से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की विद्युत समस्या होने पर स्वयं मरम्मत करने के बजाय संबंधित विद्युत कर्मियों को सूचित करें।
विभाग ने सभी संबंधित कर्मियों को आवश्यक मेंटेनेंस कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।

