
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)08 सितंबर।आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, भोजपुर, आरा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जागरूकता रथ को सिविल कोर्ट, आरा के गेट नं.-1 से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर आम जनमानस को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों के बारे में जागरूक करेगा।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांक 12.09.2026 को व्यवहार न्यायालय परिसर, आरा में किया जा रहा है। इस लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, एन.आई. एक्ट के मामले, बैंक रिकवरी मामले, मोटर दुर्घटना दावा मामले, श्रम विवाद, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण मामले, बिजली एवं पानी के बिल से संबंधित मामले, मनरेगा एवं अन्य सुलहनीय प्रकृति के मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं निःशुल्क निष्पादन किया जाएगा।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने लंबित मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराकर इसका लाभ उठाएं। लोक अदालत में पारित अवार्ड अंतिम होता है तथा इसके विरुद्ध किसी न्यायालय में अपील नहीं होती है।
इस अवसर पर सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, बैंक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
