बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 का कर्टन रेज़र आयोजित।

₹4,000 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर MoUs का आदान-प्रदान।
RKTV NEWS/बोधगया(बिहार)24 अक्टूबर। बिहार में औद्योगिक आधारभूत संरचना के विस्तार, विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन और निवेश के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा आज बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड (BIMCGL) के लोगो एवं वेब पोर्टल का शुभारंभ तथा बिहार बिजनेस कनेक्ट (BBC) 2027 का कर्टन रेज़र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रहे। इस अवसर पर उद्योग विभाग एवं 12 औद्योगिक इकाइयों के बीच कुल ₹4,000 करोड़ के निवेश प्रस्तावों से संबंधित समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया गया। इन निवेश प्रस्तावों से गया क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, विनिर्माण क्षमता में वृद्धि तथा रोजगार के नए अवसरों के सृजन को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार अपनी औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। BIMCGL राज्य में आधुनिक विनिर्माण सुविधाओं के विकास और बड़े निवेश को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बिहार पर विश्वास जताने वाले उद्यमियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को आवश्यक सुविधाएँ एवं सहयोग उपलब्ध कराने तथा उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ बिहार के युवाओं के लिए राज्य में ही रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि BIMCGL का शुभारंभ बिहार को एक प्रमुख विनिर्माण एवं निवेश गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उद्योग विभाग निवेशकों के लिए पारदर्शी, सरल और समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि निवेश प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके और राज्य में निवेशकों का विश्वास और मजबूत हो।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि BIMCGL को एक सुनियोजित एवं आधुनिक विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है, जहाँ उद्योगों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी। यह पहल गया क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और निवेश के नए अवसरों के सृजन में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में निवेश की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विभाग आधारभूत संरचना के विकास, निवेशक सुविधा और निवेश प्रस्तावों के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दे रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने BIMCGL के लोगो एवं वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने स्वागत भाषण एवं परियोजना से संबंधित संक्षिप्त प्रस्तुति दी, जबकि बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेन्द्र प्रसाद यादव, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री-सह-गया जिला के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लाओस की राजदूत महामहिम विथाया जायावोंग (H.E. Mrs. Vithaya Xayavong), रॉयल थाई कॉन्सुलेट जनरल की कॉन्सुल जनरल सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप (Ms. Siriporn Tantipanyathep) तथा जापान के डिप्टी कॉन्सुल जनरल आशिदा कात्सुनोरी (Mr. Ashida Katsunori) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय आयाम प्रदान किया तथा बिहार के औद्योगिक एवं निवेश अवसरों को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना ए.एन., मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव, गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर तथा गया के वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में उद्योगपति, निवेशक एवं उद्योग जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।
12 औद्योगिक इकाइयों के साथ ₹4,092 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर MoUs
कार्यक्रम में उद्योग विभाग एवं 12 औद्योगिक इकाइयों के बीच निम्नलिखित निवेश प्रस्तावों से संबंधित समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया:
1. **मिंट लाइफ साइंसेज** — ₹1,500 करोड़
2. **ABIS ग्रुप** — ₹600 करोड़
3. **बायोहील एनर्जी प्रा. लि.** — ₹510 करोड़
4. **जियोफास्ट इंडस्ट्रीज (आई) लि.** — ₹500 करोड़
5. **कुमार ऑर्गेनिक्स** — ₹300 करोड़
6. **जियाना इंडस्ट्रीज प्रा. लि.** — ₹206 करोड़
7. **नालंदा ऑटोमेक प्रा. लि.** — ₹120 करोड़
8. **अमरनाथ टेक्सटाइल** — ₹110 करोड़
9. **मां भद्रकाली एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रा. लि.** — ₹95 करोड़
10. **शिवा एग्रो नेचुरल प्रोडक्ट्स प्रा. लि.** — ₹51 करोड़
11. **वास्तु विहार बायोटेक प्रा. लि.** — ₹50 करोड़
12. **कनकलया ज्वेलरी** — ₹50 करोड़
इसके पश्चात बिहार बिजनेस कनेक्ट (BBC) 2027 का कर्टन रेज़र आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने मुख्य संबोधन दिया। कार्यक्रम के दौरान पितृपक्ष मेला के सफल आयोजन में योगदान देने वाले जिला स्तरीय अधिकारियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को BIMCGL के स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

