
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)11 जुलाई।राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को बेहतर एवं आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए झारखंड सरकार निरंतर प्रयासरत है। माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के निदेश के आलोक में दुमका जिले में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शिबु सोरेन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं, आधारभूत संरचनाओं तथा खिलाड़ियों के अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध संसाधनों का विस्तृत अवलोकन किया।
उपायुक्त ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की मंशा के अनुरूप जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण, आधुनिक सुविधाएं तथा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
उन्होंने स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए खेल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, स्टेडियम परिसर के समुचित रख-रखाव तथा खिलाड़ियों के अनुकूल वातावरण विकसित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि दुमका जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की है। जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
