‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ का संदेश जन-जन तक पहुँचे : बी एस डीएवी प्राचार्या
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)21 जून।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज स्थानीय बी एस डीएवी पब्लिक स्कूल में प्रात: छह बजे से 7:30 बजे तक वृहत्त योग शिविर का आयोजन किया गया। रविवारीय अवकाश के बावजूद भी बी एस डीएवी के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा शिक्षकेत्तर कर्मियों ने मनोयोग से इस शिविर में हिस्सा लिया। इस अवसर पर बहुत से परिजन और उनके बच्चे भी शामिल रहे।
सबसे पहले विद्यालय के संगीत शिक्षकों ने योग संदेश के रूप में गीत प्रस्तुत किये तत्पश्चात विविध आसन व प्रणायाम किये गए। सुखद यह रहा कि इस योग शिविर का कुशल संचालन विद्यालय के उन बच्चों ने किया जो डीएवी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय योग प्रतिस्पर्धाओं में कई बार अपना लोहा मनवा चुके हैं। इन बच्चों का निर्देशन खेल शिक्षिका किरण कुमारी ने किया।
अनन्या, आकांक्षा, सौम्या, ऋषिका, अँजलि, सत्यम तथा ऋषभ राज की टीम ने लगभग एक घंटे तक शांत व मनोरम वातावरण में अपने गुरुजनों व परिजनों को योगासन सिखायी। बच्चों ने पूर्ण सलभासन, चक्रासन,मतस्यासन,भूमि नमनासन, पवन मुक्तासन, भद्रासन, उष्ट्रासन, भुजंगासन, कपालभांति तथा सूर्य नमस्कार आदि आसनों को कुशलता पूर्वक कर के सबको चमत्कृत कर दिया।
डीएवी ने अपने आरंभिक काल से हीं पठन-पाठन में वैदिक शिक्षा व योगासन तथा प्रणायाम को विशेष महत्व दिया है। विद्यालय प्राचार्या नूपुर ठाकुर ने विशेष प्रवास में रहते हुए भी दुरभाष पर संदेश दिया कि हमें भारतीय योग-ध्यान परंपरा व वैदिक शिक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना चाहिए। उन्होंने ‘करिए योग, रहिए निरोग’ के संदेश के साथ शिविर में शामिल लोगों व जनपद के सभी अभिभावकों तथा बच्चों के स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की।
अंतत: बच्चों ने सबको ‘योग सपथ’ दिलाकर शांति पाठ के साथ शिविर का समापन किया।

