बागपत/उत्तर प्रदेश 3 अक्टूबर।उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा नामक प्रदर्शनी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से विकास भवन परिसर में लगाई गई है जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में आज अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा,मुख्य विकास अधिकारी हरेंद्र सिंह द्वारा किया गया जिसमें सभी विभागों द्वारा जनता के हित में किए गए कार्य को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है जिसे आम जनमानस विकास भवन में पहुंचकर उनका लाभ उठा रहा है और सरकार की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर रहा है इसी क्रम में आज विकास भवन में ग्राम प्रधान आम जनमानस ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया ।
उ0प्र0 सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों के प्रचार प्रसार हेतु एवं सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास विषय पर आधारित चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को प्रचार सामग्री एवं चित्रों के माध्यम से विकास कार्यक्रमों, संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारियां दी जा रही हैं। चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से एक छत के नीचे सभी योजनाओं की जानकारियां जनसामान्य को मुहैया हो सकेंगी। यह प्रदर्शनी 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर 2023 तक विकास भवन परिसर में लगी रहेगी।
प्रदर्शनी में रामायण का और राम मंदिर का भी चित्रण किया गया है जिससे प्रदर्शनी बहुत ही आकर्षित और भव्य लग रही है खेलों के क्षेत्र में बढ़ रही प्रतिभाओं को भी प्रदर्शित किया गया है।
अपर जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदर्शनी की सुंदरता और कंटेंट ,क्रिएटिव की प्रशंसा की और कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनसामान्य के हितार्थ विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। सरकार द्वारा संचालित की गई योजनाओं की जानकारी जनसामान्य को आसानी से सुलभ हो, इसके लिए इस चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। जिससे सभी आम-जन को योजनाओं की जानकारी के माध्यम से पात्रों को योजनाओ का लाभ मिल सके। उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों को अवश्य ही लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ युवाओ को चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओ की जानकारियां प्राप्त होगी । आम-जन तक शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओ की जानकारी प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने चित्र प्रदर्शनी की प्रशंसा करते हुये कहा कि इस तरह के आयोजन से आम-जन तक सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओ की जानकारी प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा विद्यालय के छात्र-छात्राओ को लाकर प्रदर्शनी का अवलोकन अवश्य कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों को भी सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी रमेश चंद ,जिला पंचायत राज अधिकारी अमित त्यागी, जिला कार्यक्रम अधिकारी विपिन, जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि ,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत, जिला प्रवेश अधिकारी तूलिका शर्मा सहित आदि जनमानस ग्राम प्रधान आदि उपस्थित रहे।
