RK TV News
खबरें
Breaking Newsखेल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 19वें एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले सशस्त्र बलों के कर्मियों को नकद धनराशि पुरस्कार की घोषणा की।

नई दिल्ली/17 अक्टूबर।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में चीन के हांगझोऊ में संपन्न हुए 19वें एशियाई खेलों में भाग लेने वाले सशस्त्र बलों के पदक विजेताओं, प्रतिभागियों और सहायक कर्मचारियों को 17 अक्टूबर, 2023 को सम्मानित किया। रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित हुए सम्मान समारोह में भाग लेने वाले कुल 76 खिलाड़ियों एवं कर्मचारियों के साथ बातचीत की और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्रालय का प्रतिनिधित्व करते हुए सशस्त्र बल के उन कर्मियों को नकद धनराशि पुरस्कार देने की घोषणा की है, जिन्होंने 19वें एशियाई खेलों में 16 व्यक्तिगत पदक (03 स्वर्ण, 06 रजत और 07 कांस्य पदक) तथा आठ टीम पदक (02 स्वर्ण, 03 रजत व 03 कांस्य पदक) हासिल करके देश का गौरव बढ़ाया है और एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में अपनी योग्यता साबित की है। रक्षा मंत्रालय के सौजन्य से स्वर्ण पदक विजेताओं को 25 लाख रुपये; रजत पदक पाने वालों 15 लाख रुपये और कांस्य पदक जीतने वालों को 10 लाख रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। 23 सितंबर से 08 अक्टूबर, 2023 तक आयोजित हुए 19वें एशियाई खेलों में तीन महिला एथलीटों सहित 88 सैनिकों की एक टुकड़ी ने 18 विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया था।
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान सभी एथलीटों के प्रयासों की सराहना की, जिनमें वे खिलाड़ी भी शामिल थे जिन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन पदक नहीं प्राप्त कर सके। राजनाथ सिंह ने उन्हें फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का उदाहरण दिया, जो 1960 के रोम ओलंपिक में 400 मीटर की दौड़ में बेहद मामूली अंतर से पदक जीतने से चूक गए थे, लेकिन उसके बावजूद वे भारतीय एथलेटिक्स के मार्गदर्शक के रूप में उभर कर सामने आए। उन्होंने कहा कि मिल्खा सिंह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।
राजनाथ सिंह ने विश्वास जताते हुए कहा कि ये पदक एवं प्रदर्शन देश के सभी युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप केवल एक तमगे का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं, बल्कि आप भारतीय समाज की उत्कृष्टता की गाथा का भी उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि आप सभी युवाओं को प्रेरणा देने का एक बड़ा माध्यम हैं।
रक्षा मंत्री ने विभिन्न खेल आयोजनों में हमेशा से पदक जीतने और विजेता बनने के लिए सशस्त्र बलों के जवानों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चाहे युद्ध का मैदान हो या फिर खेल का मैदान, एक सैनिक हमेशा ही समर्पण, अनुशासन, कड़ी मेहनत तथा देश के लिए कुछ करने की इच्छाशक्ति के कारण शानदार प्रदर्शन करता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि ये सभी गुण हमें खेल स्पर्धाओं में पदक हासिल करने में सहायता पंहुचाते हैं। उन्होंने कहा कि एक सैनिक के भीतर एक खिलाड़ी होता है और एक खिलाड़ी के भीतर एक सैनिक छिपा हुआ होता है।
राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन विश्व पटल पर तेजी से बढ़ते और शक्तिशाली ‘नये भारत’ की उभरती हुई छवि को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया, कई अध्ययनों से ऐसा भी पता चलता है कि किसी भी देश के खेलों में प्रगति कमोबेश उस देश की आर्थिक समृद्धि के समानुपाती होती है। इसी संदर्भ में, जैसे-जैसे भारत आर्थिक रूप से सशक्त राष्ट्र बन रहा है, वैसे-वैसे हमारे पदक भी हर क्षेत्र में बढ़ते ही जा रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने इस तथ्य पर बल दिया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत रक्षा, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसे हरेक क्षेत्र में विकास कर रहा है। उन्होंने उल्लेख करते हुए कहा कि चाहे विश्व बैंक हो या अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष आज भारत की विकास यात्रा की चर्चा हर स्थान पर हो रही है। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हाल ही में, अमरीकी वित्तीय कंपनी जेपी मॉर्गन चेज ने ‘सरकारी प्रतिभूति सूचकांक- उभरते बाजार’ को जारी किया है, जो निवेशकों का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने जानकारी दी कि इसमें पहली बार भारत को शामिल किया गया है और यह हमारे देश के बढ़ते आर्थिक सामर्थ्य का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब, सर्वश्रेष्ठ बनने की महत्वाकांक्षा है; अर्थात सर्वोत्तम सृजन की दृष्टि और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज विश्व भारत की विकास गाथा का साक्षी बन रहा है।
राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार भारत में खेल संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य के साथ अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि एक तरफ जहां हमने फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों के जरिए युवाओं के बीच खेल के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए काम किया है; वहीं दूसरी तरफ, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम के माध्यम से हम ओलंपिक में भारत की पदक संख्या बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि आज, हमारा देश 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए प्रयास कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे देश के एथलीट सरकार के सहयोग से अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण तथा जुनून के साथ आने वाले समय में भारत को पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा देंगे।
सम्मान समारोह में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी.आर. चौधरी और नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह तथा संबंधित सेवाओं के खेल नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related posts

महिला कालेज में फाइलेरिया उन्मूलन और सामूहिक औषधि प्रशासन पर परिचर्चा।

rktvnews

दरभंगा:महारानी कामसुंदरी के निधन पर शोक।

rktvnews

तमिलनाडु में होने वाले 21वी नेशनल फेडरेशन कप जूनियर अंडर 20 एथेलेटिक्स प्रतियोगिता को ले बिहार एथेलेटिक्स एसोसिएशन की बैठक।

rktvnews

उपराष्ट्रपति ने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में नेतृत्व स्तर पर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर संतोष जताया।

rktvnews

चतरा:उपायुक्त अबु इमरान ने जनता दरबार के माध्यम से मिलने आए आमजनों की समस्याएं सुनी।

rktvnews

शिवानन्द तिवारी की पुस्तक सड़क से संसद तक का लोकार्पण करेंगें राजद सुप्रीमो लालू यादव।

rktvnews

Leave a Comment