
आरा/ भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)16 जून। सोमवार को बड़हरा थाना क्षेत्र के चातर गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।मृतका की पहचान चातर गांव निवासी भीम बीन की 28 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी के रूप में हुई है। रविवार की रात गेहूं पिसवाने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी में पिंकी देवी ने कमरे में अपनी साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर बड़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस की मौजूदगी में तोड़ा गया। अंदर महिला का शव पंखे से लटका मिला।प्रभारी थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को भी दी गई, जिसके बाद परिजन गांव पहुंच गए।असमय मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
