
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)25 मई।उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिले की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित एवं निर्बाध बनाए रखने को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, ट्रांसफार्मरों की कार्यशीलता, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विद्युत आपूर्ति बहाली की तैयारी सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजनों को निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आंधी, बारिश, तूफान अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण यदि कहीं विद्युत व्यवस्था बाधित होती है या विद्युत संरचना को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है, तो उसे अभिलंब ठीक करते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में मरम्मत कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि मौसम में हो रहे बदलाव एवं संभावित आपदाओं को ध्यान में रखते हुए विभाग पूरी तैयारी के साथ कार्य करे। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अलर्ट मोड में रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्य योजना तैयार रखें। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र में तत्काल टीम भेजकर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में जहां-जहां ट्रांसफार्मर खराब हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन एवं मरम्मत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि यदि विद्युत आपूर्ति बहाली एवं मरम्मत कार्य के लिए अतिरिक्त मैनपावर की आवश्यकता हो, तो उसकी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विभाग आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मानव संसाधन लगाकर कार्यों का निष्पादन करे ताकि किसी भी क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली बाधित न रहे।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आमजनों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विद्युत विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
