
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)07 मई।आज जिलाधिकारी भोजपुर, तनय सुल्तानिया ने एनएचएआई परियोजना के पैकेज-1 अंतर्गत तरारी प्रखंड के कुरमुरी में सासाराम-आरा-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अभियंता को निर्देश दिया कि सीएनजी कार्य को 15 मई 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए। साथ ही जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भोजपुर को लंबित रैयतों के भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने एनएचएआई परियोजना के पैकेज-2 अंतर्गत गड़हनी प्रखंड के बगवा गांव स्थित इंटरसेक्शन प्वाइंट पर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अंचलाधिकारी गड़हनी एवं उदवंतनगर को रैयतों का भूमि दखल-कब्जा प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही एनएचएआई के अभियंता को सीएनजी कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सासाराम-आरा-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा लोगों को तेज एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा एवं क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता भोजपुर, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, भोजपुर, एनएचएआई के अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
