
आरा/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 6 मई। विधान सभा चुनाव के नतीजों मे असम और पश्चिम बंगाल मे भाजपा को धमाकेदार जीत मिली है। वहीं केरलम मे कांग्रेस ने कमाल दिखाया। तमिलनाडु मे रूपहले पर्दे पर लंबे समय तक तमिल जनता के दिलों पर राज करने वाले तमिल फिल्म अभिनेता थलापति विजय की सुनामी मे वर्षों से बारी-बारी से सत्ता के केन्द्र मे रहे द्रमुक और अन्नाद्रमुक पार्टी उङ गये। थलापति विजय की नवस्थापित पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने दोनो दलों द्रमुक और अन्नाद्रमुक को धराशायी कर दिया। तमिलनाडु मे अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की इस अभूतपूर्व जीत ने उन्हें एमजी रामचंद्रन और एनटी रामाराव की श्रेणी मे खड़ा कर दिया है। पुडुचेरी मे एआईएनआरसी के नेतृत्व मे एनडीए की जीत हुई। बंगभूमि पर भाजपा को अप्रत्याशित जीत मिली और पहली बार कमल खिला। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के बंग भूमि पर तृणमूल कांग्रेस के अभेद्य दुर्ग को ध्वस्त कर दिया।

असम मे भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई। केरलम मे कांग्रेस नीत यूडीएफ की सत्ता मे वापसी से देश मे वामपंथी सरकार का सफाया हो गया। असम और पश्चिम बंगाल मे भाजपा के शानदार प्रदर्शन से उत्साहित शाहपुर मे भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी मे शाहपुर मे जुलूस निकाला और एक दूसरे को मिठाई खिलाया। जीत की खुशी में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर बधाई दी। पटाखा छोङ कर धमाल मचाया। होली और दीवाली साथ-साथ मना। वहीं उमेश चंद्र पांडे उर्फ मुन्ना पांडे ने जीत की खुशी में झालमुरी खिला कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अनुसरण किया। इस अवसर पर नगर भाजपा अध्यक्ष अंकित पांडे, धर्मेंद्र गुप्ता, बंटी पांडे, संतोष पांडे, आकाश कुमार, उमेश चंद्र पांडे उर्फ मुन्ना पांडे, संजय पांडे, विनय मिश्र, बबलू गुप्ता, प्रदीप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
