
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)24 अप्रैल।इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के शैलकला भवन में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत “स्वच्छता एवं स्वास्थ्य तथा बीमारियों का रोकथाम” विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. संगीता सिकारवार, अपर निदेशक, केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS), भोपाल ने बहुत ही ज्ञान वर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। 
कार्यक्रम के संयोजक हेमंत बहादुर सिंह परिहार द्वारा वक्ता डा संगीता सिकरवार का परिचय दिया गया। अपने संबोधन में डॉ. संगीता सिकरवार ने स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां हमें कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि बाहर जाते समय हमेशा घर का साफ पानी बोतल में साथ रखें और पैक्ड ड्रिंक्स तथा प्रिजर्वेटिव युक्त खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने विशेष रूप से अनहाइजीनिक स्ट्रीट फूड से बचने की सलाह देते हुए बताया कि ,ऐसे खाद्य पदार्थ कई प्रकार की संक्रामक बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
डॉ. संगीता सिकरवार ने जलजनित बीमारियों से बचाव हेतु स्वच्छ जल को उपयोग करने के लिए कहा एवं मच्छरजनित रोगों मलेरिया, फाइलेरिया चिकनगुनिया, डेंगू आदि की रोकथाम पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी पानी लंबे समय तक जमा रहता है, वहां मिट्टी तेल का उपयोग कर मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सकता है। साथ ही उन्होंने सामुदायिक स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
व्यक्तिगत स्वास्थ हेतु व्यक्तिगत साफ़ सफाई के फायदे बताए । प्लास्टिक के इस्तेमाल से होने वाले प्रदूषण पर भी प्रकाश डाला । घर में रसोई एवं बाथरूम की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा । घर में कचरा प्रबंधन तकनीक की जानकारी प्रदान की । वायु प्रदूषण से बचने और पर्यावरण संरक्षण के लिए उसको रोकने के लिए प्रेरित किया ।
स्वच्छता पखवाड़ा के प्रभारी दीपक कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित जनों ने सहभागिता की।उपस्थित जनों डा एसके पांडे, डा सोमा किरो, राजेंद्र झारिया,डा सुदीपा रॉय, डा पी अनुराधा, रश्मि शुक्ला, राजीव जैन, तपस विश्वास, श्रीकांत ,एन सकमाचा सिंह, डा प्रीतम चौधरी, सुनील गुप्ता, नीता कठल , मोनी गुप्ता , आयशा गरबड़ु, रंजन चटर्जी, सुकन्या गुहा एवं सीजीएचएस के श्री अशोक जी आदि सहित उपस्थित सभी को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। 
आज विश्व पुस्तक दिवस एवं विश्व कॉपी राइट दिवस पर संग्रहालय के पुस्तकालय अधिकारी डॉ मोहम्मद रेहान ने सभी को शुभकामनाएँ प्रदान की तथा डा रवींद्र गुप्ता ने मुख्य वक्ता डा संगीता सिकरवार को पुस्तकें भेंट की ।
संग्रहालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ पी शंकर राव ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा यह व्याख्यान स्वच्छता पखवाड़ा के उद्देश्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
