
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)11 अप्रैल।आज जिला पदाधिकारी, भोजपुर, तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन की बैठक समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा जिला खनिज फाउंडेशन मद से चयनित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जीविका एवं कल्याण से संबंधित पूर्व में स्वीकृत योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
साथ ही, पूर्व स्वीकृत योजनाओं जैसे आंगनबाड़ी केंद्र, जीविका मार्ट, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के जीर्णोद्धार कार्य, स्वास्थ्य केंद्रों की चहारदीवारी निर्माण, पीसीसी ड्रेन निर्माण तथा सामुदायिक भवनों के जीर्णोद्धार सहित अन्य अपूर्ण योजनाओं को माह अप्रैल 2026 के अंत तक हर हाल में पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल-1, आरा, कार्यपालक अभियंता, शाहाबाद पथ प्रमंडल, आरा तथा निदेशक, डीआरडीए, भोजपुर को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व), भोजपुर, निदेशक, डीआरडीए, भोजपुर, वन प्रमंडल पदाधिकारी के प्रतिनिधि, सिविल सर्जन, भोजपुर, जिला कृषि पदाधिकारी, खनिज विकास पदाधिकारी एवं अन्य विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
