
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)10 अप्रैल। गुरुवार को झारखण्ड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा–2023 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में वरीय पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि आगामी 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को जिले में तीन पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 08:30 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली 11:30 बजे से 01:30 बजे तक एवं तृतीय पाली 03:30 बजे से 05:30 बजे तक संचालित होगी। इस परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जिले में कुल 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 9528 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की समुचित व्यवस्था पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जाए। जिन केंद्रों पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यदि किसी परीक्षा केंद्र पर दिव्यांग अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, तो उनके लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर फर्स्ट ऐड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को परीक्षा के दौरान सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ या अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, ऐसी किसी भी वस्तु के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा, जिससे परीक्षा की गोपनीयता भंग होने की आशंका हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा प्रारंभ होने से कम-से-कम आधा घंटा पूर्व सभी अभ्यर्थियों को उनके निर्धारित सीट पर बैठा दिया जाए, ताकि परीक्षा समय पर एवं व्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हो सके।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं तथा परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, जिससे पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें।
