एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन की पैनी नजर।
RKTV NEWS/बेतिया (पश्चिमी चंपारण)08 अप्रैल।जिले में एलपीजी गैस की सुचारू और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। भारत सरकार के निर्देश के आलोक में जरूरतमंद उपभोक्ताओं के लिए एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) कनेक्शन की सुविधा पुनः शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उपभोक्ता अपने नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर आधार, पैन कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र प्रस्तुत कर एफटीएल कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं और इसका लाभ उठा सकते हैं। पूर्व में विभागीय निर्देशों के कारण यह सेवा बंद थी, जिसे अब फिर से चालू कर दिया गया है।
उन्होंने ऑयल कंपनियों के ऑफिसर एवं गैस वितरक एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि हैं किसी भी परिस्थिति में एक उपभोक्ता का एलपीजी सिलेंडर दूसरे उपभोक्ता को नहीं दिया जाए। ऐसा करने वाले गैस वितरक सहित वेंडर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में 19,745 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। वहीं, बीते दिन 6,282 सिलेंडरों की सफल डिलीवरी की गई, जो प्रशासनिक प्रयासों की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
शिकायत निवारण के मोर्चे पर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्राप्त 59 शिकायतों को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को तत्काल भेज दिया गया है, ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अंत में जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि एलपीजी आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी प्रकार की समस्या होने पर जिला कंट्रोल रूम के नंबर 06254-247002 एवं 06254-247003 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाएगा।

