
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 28 मार्च। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा सहाय सदन मे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य अभिनंदन किया गया।

पटना के बेली रोड स्थित सहाय सदन पहुँचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की महिला विंग द्वारा कुसुम लता वर्मा के नेतृत्व मे आरती उतार कर स्वागत किया गया।
इसके बाद बैंड बाजे के साथ उन्हें भीतर लाया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सबसे पहले सहाय सदन परिसर स्थित अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के कार्यालय मे गये और उसके बाद मंचासीन हुए।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, डॉ निर्मल कुमार श्रीवास्तव, श्रवण कुमार, सुजीत कुमार वर्मा तथा संजीव नंदन सहाय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। सभा की अध्यक्षता सुजीत कुमार वर्मा तथा मंच संचालन अमिताभ वर्मा ने किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अभिनंदन पत्र सौंपा गया। श्रवण कुमार ने अभिनंदन पत्र पढ़कर सुनाया। इसके बाद अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के महिला प्रकोष्ठ एवं युवा प्रकोष्ठ द्वारा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को माल्यार्पण कर एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने भाषण की शुरुआत केएन सहाय जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने और उपस्थित सभी अभिभावकों को प्रणाम करने के साथ किया।

समाज की एकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा की सबको एक साथ लेकर चलने पर ही धार अविरल हो सकेगी और समाज की प्रतिष्ठा बढेगी। उन्होंने सारंग साहब, डॉ निर्मल कुमार श्रीवास्तव और योगेंद्र मलिक के संगठनात्मक क्षमता की सराहना की। उन्होंने इन लोगों से ही समाज को एक साथ लेकर चलने की शिक्षा ली है। उन्होंने कहा कि पिता की मृत्यु के बाद उन्हें एक्सीडेंटल रूप मे राजनीति मे आना पड़ा और अप्रैल 2006 मे वे पहली बार विधायक बने। जून 2006 मे उन्हें अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के काम से भोपाल जाना पड़ा जहाॅ उन्होंने सारंग जी से उनके संगठनात्मक क्षमता की सीख ली। मनोज तिवारी के गाना का चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहारी अहंकारी नहीं होता।

बड़ा पद पाने से आदमी मे अहंकार नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं समाज को कभी कलंकित नहीं होने दूंगा और ना ही समाज का सिर नीचा होने दूॅगा। उन्होंने कहा कि मैं आपकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूॅगा। उन्होंने कहा कि मुझे जो नई जिम्मेवारी मिली है उसे संकल्प के साथ अच्छी तरह से निभाना है। इससे मेरे साथ-साथ आपका भी सिर गर्व से ऊँचा होगा। अंत मे बिहार के अलग-अलग जिलों से आये कमेटी के सदस्यों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बुके एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।


