
RKTV NEWS/देवघर (झारखंड)26 मार्च। बुधवार को सदर अस्पताल देवघर के सभागार में “100 स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. बी. पी. सिंह एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 100 स्वास्थ्य आरोग्य दूतों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं स्वास्थ्य जागरूकता में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाने वाले आरोग्य दूतों के कार्यों को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें आगे और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना रहा।
इसके अलावा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. बी.पी. सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य आरोग्य दूत समाज और स्वास्थ्य विभाग के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। इनके अथक प्रयासों से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी है, जिससे लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। आगे जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि समाज स्वस्थ होगा तो ही शिक्षा का सही लाभ मिल सकेगा। उन्होंने आरोग्य दूतों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। समारोह के दौरान आरोग्य दूतों द्वारा किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही, भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में डीपीएम नीरज भगत, डीपीसी प्रवीण सिंह, बीपीओ संदीप मोदी एवं उज्ज्वल पाठक सहित कई अन्य गणमान्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से सम्मानित आरोग्य दूतों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनके कार्यों की सराहना की। साथ ही समारोह के अंत में सभी आरोग्य दूतों को अपने-अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, टीकाकरण, पोषण, स्वच्छता एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

