परिवादियों से सीधे संवाद कर त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश।
औसतन 26 दिनों में हो रहा शिकायतों का निस्तारण।
RKTV NEWS/जयपुर(राजस्थान )25 मार्च। प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया ने बुधवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की और परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान श्री गालरिया ने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने वित्त, आबकारी, ट्रेजरी एवं एकाउंट्स तथा एसआईपीएफ से जुड़े प्रकरणों की जिलेवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
संपर्क पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2024 से 24 मार्च 2026 तक वित्त विभाग से संबंधित कुल 718 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 601 का निस्तारण किया गया। इन प्रकरणों के निस्तारण में औसतन 26 दिन का समय लगा तथा 68 प्रतिशत परिवादियों ने संतुष्टि व्यक्त की। इसी प्रकार, ट्रेजरी एवं अकाउंट से जुड़े 5118 दर्ज प्रकरणों में से 4775 का निस्तारण किया गया। इनका औसत निस्तारण समय भी 26 दिन रहा तथा 70 प्रतिशत परिवादी संतुष्ट पाए गए। वहीं, एसआईपीएफ से संबंधित 15,198 दर्ज प्रकरणों में से 14,457 का निस्तारण किया गया, जिनमें औसतन 23 दिन का समय लगा और 52 प्रतिशत परिवादियों ने संतुष्टि जताई।
निरीक्षण के दौरान श्री गालरिया ने श्रीगंगानगर के मुकेश कुमार दायमा एवं गौरव सिंह, जयपुर के जगत सिंह, चंद्रशेखर एवं छीतर लाल तथा सिरोही के खुशी पाल से फोन पर संवाद कर उनकी बकाया पीएल अवकाश राशि भुगतान, फैमिली ग्रेच्युटी, एसआईपीएफ राशि भुगतान एवं अन्य संबंधित समस्याओं को सुना और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। 181 हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराकर उसका शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकते हैं।


