
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)24 मार्च।राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के निर्देशानुसार समाहरणालय परिसर, भोजपुर में “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026” के विशेष दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति भोजपुर के निर्देश पर किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में “जल अर्पण” के अंतर्गत जागरूकता रैली, श्रमदान एवं स्वच्छता शपथ का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं एनसीसी-एनएसएस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने संयुक्त रूप से जल अर्पण कर जल संरक्षण का संदेश दिया तथा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में 8 बिहार बटालियन एनसीसी कैडेट्स, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
द्वितीय सत्र में वरीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इसके उपरांत अतिथियों का सम्मान एवं कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया।
तृतीय सत्र में पेंटिंग एवं गंगा ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त द्वारा पुरस्कृत किया गया। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने गंगा एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण तथा जल संसाधनों के सतत उपयोग हेतु जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।
जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति भोजपुर ने बताया कि 16 से 31 मार्च 2026 तक जिले में स्वच्छता श्रमदान, जल संरक्षण शपथ, नुक्कड़ नाटक, पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत आज का कार्यक्रम विशेष दिवस के रूप में मनाया गया।

