
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)18 फरवरी।नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा कोई भी कार्य अंतिम समय के लिए लंबित न रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि पोलिंग पार्टियों का तृतीय (3rd) रेंडमाइजेशन 21 फरवरी को किया जाएगा। प्रशिक्षण कोषांग को निर्देशित किया गया कि प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतदान कर्मियों को सभी आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए।
डिस्पैच कार्य इंडोर स्टेडियम से किया जाएगा तथा मतपेटिकाओं की रिसीविंग दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज में सुनिश्चित की जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सेक्टरवार कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि सेक्टर पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का पूर्व में भौतिक सत्यापन कर लें, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
साथ ही मतदान केंद्रों पर न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं का आकलन करने, बीएलओ द्वारा मतदाता पर्चियों के वितरण की समुचित जांच करने तथा मतदान केंद्र तक वाहनों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बीएलओ से विधि-व्यवस्था संबंधी आवश्यक सूचनाएं प्राप्त करने और मतपेटिकाओं को खिड़कियों से दूर सुरक्षित स्थान पर रखने हेतु उचित स्थल चिन्हित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में बताया गया कि अब तक व्यय लेखा पंजी की दो बार जांच की जा चुकी है। वाहन कोषांग को आवश्यकता अनुसार बसों सहित छोटे वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निर्वाचन कोषांग एवं मतपेटिका कोषांग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। सामग्री कोषांग के वरीय पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सभी आवश्यक सामग्री प्राप्त हो चुकी है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी की व्यवस्था की जाएगी तथा वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी रखी जाएगी।
