
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)28 जनवरी।महाराजा बहादुर राम रणविजय प्रसाद सिंह कॉलेज, आरा में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य मे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सभी ने मतदाता शपथ ग्रहण की।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कनक लता कुमारी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं से ही संभव है। युवाओं को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. संजय कुमार ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है। एक-एक वोट देश की नीतियों और भविष्य की दिशा तय करता है। यदि युवा वर्ग मतदान के प्रति उदासीन रहेगा तो लोकतंत्र कमजोर होगा, इसलिए प्रत्येक युवक-युवती को बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए नैतिक मूल्यों, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना अत्यंत आवश्यक है।
NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अंकिता ओझा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करती है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा देते हैं।
इस अवसर पर डॉ. द्वीपिका शेखर सिंह ने लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. सुशील सिंह ने निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान को सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम में कैंपस एंबेसडर नितीश कुमार सिंह ने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार होता है। युवाओं को आगे आकर लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम का मंच संचालन अमित कुमार द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में NSS स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से सुमंत कुमार, साक्षी कुमारी, मुस्कान कुमारी, रुपाली कुमारी, अनीश कुमार, उज्ज्वल कुमार, कृति सिंह, आदर्श कुमार, मृगांक कुमार, रीना कुमारी, यामिनी कुमारी एवं सूरज कुमार ने पंजीकरण, अनुशासन एवं शपथ व्यवस्था में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान करने की शपथ लेकर कार्यक्रम का समापन किया।
