SIR-2026 के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार करने एवं ई-रोल में छेड़छाड़ पर सख्त कार्रवाई की दी गई चेतावनी।
RKTV NEWS/जमशेदपुर ( पूर्वी सिंहभूम)19 सितंबर।समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के निमित्त जिले के सभी वीएलई (VLE) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह उपस्थित रहीं।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन एवं ऑनलाइन प्रक्रिया के संचालन में निर्धारित प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि SIR-2026 के निमित्त किसी भी भारतीय अथवा विदेशी नागरिक के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने अथवा किसी प्रकार के अनधिकृत दस्तावेजीकरण में वीएलई की संलिप्तता नहीं होनी चाहिए। ऐसा कोई भी कृत्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि ई-रोल (E-Roll) में किसी भी प्रकार की अनधिकृत छेड़छाड़ अथवा हेरफेर में वीएलई की सहभागिता नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखते हुए केवल अधिकृत प्रक्रिया एवं निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर ही कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि यदि पूर्व में किसी वीएलई द्वारा किसी विदेशी नागरिक से संबंधित कोई फर्जी दस्तावेज तैयार किया गया है, तो संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर उसे स्पष्ट रूप से सूचित किया जाए कि उक्त दस्तावेज का उपयोग अथवा उसे SIR-2026 के निमित्त उपलब्ध नहीं कराया जाए। साथ ही, निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के फर्जी या अनधिकृत दस्तावेज के उपयोग से बचने को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी वीएलई को निर्वाचन प्रक्रिया की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया।

