सुनवाई प्रक्रिया का लिया जायजा, सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश।
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)19 सितंबर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के अंतर्गत उपायुक्त-सह-जिला।निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने घाट राशिकपुर में चल रही दावा एवं आपत्ति से संबंधित सुनवाई प्रक्रिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नोटिस के आलोक में अब तक की गई सुनवाई एवं मामलों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी मामलों की सुनवाई समयबद्ध रूप से पूरी करने का निर्देश दिया।
मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी का डिस्प्ले लगाने का निर्देश।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि दावा एवं आपत्ति से संबंधित सुनवाई के लिए मतदाताओं को जिन आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना है, उनकी स्पष्ट जानकारी सुनवाई स्थल के बाहर प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को यह भी निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस निर्गत किए गए हैं, उन्हें निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान की पूर्व सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि सूचना के अभाव में कोई भी पात्र मतदाता सुनवाई से वंचित न रहे।
दावा एवं आपत्ति के मामलों का निर्धारित समय-सीमा में करें निष्पादन।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पूर्ण दक्षता, गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि एसआईआर-2026 से संबंधित दावा एवं आपत्ति के मामलों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
मतदाताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील
उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को सुनवाई से संबंधित नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे नोटिस में निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने दस्तावेज प्रस्तुत करें।

