बस स्टेशन निर्माण में खामियों पर एक्शन के निर्देश, यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा पर जोर।

निर्माण कार्य गुणवत्ता में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस, विस्तृत समीक्षा कर उप मुख्यमंत्री ने दिए सुधार के निर्देश।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)21 जनवरी। जनपदवासियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुडभा क्षेत्र में निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टेशन का आज उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 3 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से बन रहा यह बस स्टेशन बागपत की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टेशन के नक्शे, डिजाइन ड्राइंग और तकनीकी दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना की संरचनात्मक रूपरेखा, ले-आउट प्लान सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता, सुरक्षा एवं यात्रियों की सुविधा को केंद्र में रखकर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह परियोजना जनता के धन से बन रही है, इसलिए गुणवत्ता, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की बारीकी से समीक्षा की। कई स्थानों पर मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टेशन यात्रियों के लिए सुविधा, सुरक्षा और भरोसे का केंद्र होना चाहिए। यदि निर्माण में ही कमियां रह जाएंगी, तो भविष्य में आमजन को असुविधा झेलनी पड़ेगी।
उप मुख्यमंत्री ने स्टेशन परिसर में बने स्टेशन प्रभारी कक्ष, यात्रियों के लिए कैंटीन और शौचालयों का निरीक्षण किया। फर्श पर बिछाई गई टाइल्स कई स्थानों पर टूटी और सही ढंग से न लगी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर कार्यकारी एजेंसी अथवा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने फिनिशिंग के अभाव, ईंटों की खराब स्थिति और अधूरे कार्यों को लेकर भी सख्त टिप्पणी की तथा तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान कंट्रोल रूम का भी अवलोकन किया गया।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस स्टेशन परिसर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अग्निशमन के लिए रखी गई बालू और बाल्टियों की स्थिति देखी गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थल पर अग्नि सुरक्षा मानकों का समुचित पालन किया जाए। शौचालय का निरीक्षण किया जो स्वच्छ एवं मानकों के अनुरूप मिला।
बस स्टेशन परिसर में बिछाई गई सीमेंटेड ईंटें कई स्थानों पर समतल न पाए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समतलीकरण की कमी से यात्रियों को चलने में परेशानी होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ेगी। इसी क्रम में इंटरलॉकिंग टाइल्स के हिलने की शिकायत पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और इन्हें तकनीकी मानकों के अनुसार दोबारा ठीक कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की समग्र गुणवत्ता अभी संतोषजनक नहीं है। जिन स्थानों पर टाइल्स, समतलीकरण और फिनिशिंग में कमियां हैं, उन्हें शीघ्र दुरुस्त कर कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि भविष्य में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रोडवेज बस स्टेशन बागपत की पहचान बनेगा और जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके पूर्ण रूप से चालू होने के बाद नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों तक पहुंच भी आसान होगी।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने उप मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का शीघ्र अनुपालन किया जाएगा। इस दौरान समस्त संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

