
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)30 नवंबर। शनिवार को जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी भोजपुर के द्वारा नव नियुक्त कर्मियों का नियुक्ति पत्र वितरण समारोह जिला शिक्षा कार्यालय, भोजपुर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। दीप प्रज्ज्वलन के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम में कुल 19 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही अभ्यर्थियों के चेहरे पर उल्लास और संतोष के भाव स्पष्ट दिखे। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रमेश कुमार पाल ने नवनियुक्त कर्मचारियों को विनम्रता एवं दायित्व निर्वहन के साथ कार्य करने की सलाह दी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय ने सभी अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि अब आप शिक्षा विभाग के सदस्य बन गए हैं और एक दिवसीय प्रशिक्षण से कार्य प्रणाली समझने में मदद मिलेगी। कुल 19 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 11 लिपिक और 8 परिचारी शामिल हैं। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चंदन प्रभाकर ने नव-नियुक्त कर्मचारियों को समयनिष्ठ एवं कर्तव्यनिष्ठ होकर कार्य करने की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में अमर कुमार सिंहा, रेणु, अमित कुमार, शम्भू कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
