“युवा शक्ति का उत्सव, सांसद खेल महोत्सव” में खूब चमके बागपत के खिलाड़ी, खेल संस्कृति को मिला बढ़ावा।

जनपद के खिलाड़ियों से रोशन है बागपत, सांसद खेल महोत्सव में युवाओं को खूब मिला सम्मान।

गांव गांव से निकलकर आगे आए युवा खिलाड़ी, सभी को मिला सम्मान, प्रेरणा और प्रोत्साहन।

बागपत है खिलाड़ियों का जनपद, खूब खेले, जीते और आगे बढ़े युवा: सांसद डॉ राजकुमार सांगवान

जनपद के युवा खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा लेकर आया सांसद खेल महोत्सव, खूब खेले खिलाड़ी।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)20 नवंबर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि बागपत पर क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने एवं फिटनेस के संदेश को जन जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ बुधवार को सांसद डॉ राजकुमार सांगवान, राज्यमंत्री केपी मलिक और जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने किया। पूरा खेल मैदान हजारों खिलाड़ियों से भरा नजर आया।
बागपत संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने कहा कि गांव-गांव से खिलाड़ी आगे आएं और खेल की भावना को अपनाएं। जनपद बागपत की पहचान यहां की युवा आबादी है जिसमें अपार खेल प्रतिभा है।
इसी प्रतिभा को संगठित मंच देकर आगे लाना आवश्यक है ताकि पूरा प्रदेश और देश देखे कि बागपत खिलाड़ियों का जनपद है।
सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य उन सभी युवाओं की पहचान करना है जो फिट इंडिया और खेलों इंडिया की भावना के अनुरूप खेलों में आगे बढ़कर जनपद, प्रदेश और देश का मान बढ़कर खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर बागपत को स्थापित कर रहे है।
सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने जनपद के सभी खिलाड़ियों से आह्वान किया कि अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर खेल महोत्सव को सफल बनाए और जनपद की खेल संस्कृति को मजबूत करे।
वहीं विजेता खिलाड़ियों के लिए मेडल, प्रमाण पत्र, ट्रॉफी आदि सहित अन्य आकर्षक उपहार निर्धारित किए गए है। इस महोत्सव की गूंज प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी।
इन खेलों का जो संदेश है वह फिट इंडिया और खेलो इंडिया की भावना को व्यापक स्तर पर पहुंचेगा और खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर बागपत को स्थापित करेगा।
वहीं राज्यमंत्री केपी मलिक ने कहा कि युवा जब खेलते है तो देश आगे बढ़ता है क्योंकि हमारे खिलाड़ी देश का नाम रोशन करते है और एक स्वस्थ नागरिक के रूप में समाज में सक्रिय योगदान देते हैं।
उन्होंने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप युवाओं सहित सभी नागरिक फिटनेस की डोज आधा घंटा रोज के संदेश को अपनाकर फिट रहे।
प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि बागपत के युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर एक मिसाल कायम कर रहे है। यहां के युवाओं का उत्साह, जुनून और खेलों से जुड़ाव सराहनीय है। खूब खेलों और आगे बढ़ो बागपत।
सांसद खेल महोत्सव में हैमर थ्रो खिलाड़ी तान्या चौधरी ने मशाल लेकर खेलों का आगाज किया। गोल्डन गेट इंटरनेशनल स्कूल, वेदान्तिक इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों ने परेड मार्च का आयोजन कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई जिसमें प्रतिभागी युवाओं ने अपने बैंड की धुन पर कदम से कदम मिलाकर नए उत्साह का संचार किया जिसका अतिथियों ने करीब से अवलोकन किया।
वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यालयों के बच्चों द्वारा योग आधारित प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र बनी। गांव गांव से मंगल दलों, यूथ क्लबों के युवा खिलाड़ी स्पर्धाओं में शामिल हुए।
सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने स्वयं खेल मैदान में खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर वॉलीबॉल खेली, कबड्डी खिलाड़ियों से परिचय लिया। खेल मैदान में लगातार युवा खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाया।
तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित हुई जिसमें मुख्य खेलों में एथलेटिक्स, ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्सा-खींच और शूटिंग शामिल रहे।
सभी खेलों में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की टीमों ने प्रतिभाग किया। महोत्सव में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 100 मीटर दौड़ और रस्सा-खींच प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। वहीं दिव्यांग खिलाड़ियों ने भी खेल महोत्सव में हिस्सा लिया।
सांसद डॉ राजकुमार सांगवान एवं राज्यमंत्री केपी मलिक ने विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले विद्यालयों के छात्र छात्राओं को भी सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने विशेष रूप से दीवार घड़ी भेंट कर सदैव जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर स्वस्थ दिनचर्या से जुड़ने का संदेश दिया। एक ओर कबड्डी तो दूसरी ओर कुश्ती, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल स्पर्धाएं हुई। खिलाड़ियों में हर ओर उत्साह नजर आया।
वहीं दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का खूब उत्साह बढ़ाया। जनपद के सभी विकास खंडों के गांव गांव से आए खिलाड़ियों एवं दर्शकों की वृहद उपस्थिति ने सांसद खेल महोत्सव को ऐसा मंच बनाया जहां से एक नई प्रेरणा का संचार हुआ और खेल संस्कृति सुदृढ़ हुई।
जनपद का नाम रोशन कर रहे युवा एवं खिलाड़ी हुए सम्मानित
शूटर दादी प्रकाशी तोमर, शूटिंग कोच डॉ राजपाल सिंह, वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स खिलाड़ी राहुल प्रजापति, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर, अंतरराष्ट्रीय एथलीट अन्नू रानी एवं रूपल चौधरी, अर्जुन अवॉर्डी खिलाड़ियों में विवेक सिंह, राजीव तोमर, शोकिन्द्र तोमर, सुनील राणा सम्मानित हुए।
प्रदेश के सर्वोच्च युवा पुरस्कार विजेता अमन कुमार को सम्मानित किया। अन्य खिलाड़ियों में अंतरराष्ट्रीय शूटर वर्षा तोमर, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी किरणपाल राणा, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ियों में महिपाल सिंह, जितेंद्र कुमार उर्फ सरगम रहे। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर पारुल चौधरी भी सम्मानित हुई।
विजेता खिलाड़ी हुए सम्मानित
जूनियर महिला वर्ग ऊंची कूद में प्राची प्रथम, प्रिया द्वितीय, पूनम तृतीय सही। सीनियर महिला वर्ग ऊंची कूद में निधि प्रथम, अंशु द्वितीय, श्वेता तृतीय रही।
सब-जूनियर पुरुष वर्ग ऊंची कूद में शिवम प्रथम, तरुण द्वितीय, समद तृतीय रहे। सब-जूनियर महिला वर्ग ऊंची कूद में ईशा प्रथम, मीनाक्षी द्वितीय, ईशा तोमर तृतीय रहे। सब-जूनियर पुरुष वर्ग 800 मीटर दौड़ में सागर प्रथम, राघव द्वितीय, कुणाल तृतीय रहे।
सब-जूनियर महिला वर्ग 800 मीटर में अर्चना प्रथम, राशि द्वितीय, रिया तृतीय रही। जूनियर पुरुष वर्ग 800 मीटर दौड़ में जॉनी प्रथम, आदित्य दांगी द्वितीय, अमित तृतीय रहे। सीनियर पुरुष वर्ष 1500 मीटर दौड़ में नदीम प्रथम, अविनाश द्वितीय, प्रिंस तृतीय रहे। सीनियर महिला वर्ग 800 मीटर में गुड़िया प्रथम, अंशिका द्वितीय, दिशा तृतीय रही। जूनियर पुरुष वर्ग 800 मीटर में सौरभ प्रथम, उदित द्वितीय, सूरज तृतीय रहे।
जूनियर पुरुष वर्ग 1500 मीटर में सौरभ प्रथम, अंकित द्वितीय, सावन तृतीय रहे। जूनियर महिला वर्ग 800 मीटर में मोनी प्रथम, प्रियांशी द्वितीय, रेशु तृतीय रही। वहीं विभिन्न अन्य खेल स्पर्धाओं में अव्वल रहे खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व विनीत उपाध्याय, एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, जिला क्रीड़ाधिकारी अमित कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी वैश्विक डबास, कोर कमेटी सदस्यों में विशाल राय, गोल्डन गेट इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक सुधीर कुमार, रोहित धनकड़, सुनील वशिष्ठ, विजय कुमार सिंह, गौरव राठी, प्रोफेसर योगेश सहित अन्य मौजूद रहे।

