
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)07 नवंबर।समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान की अध्यक्षता में आगामी 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को अपनी उपलब्धियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जिले एवं प्रखंड स्तर पर झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष का थीम “झारखंड @25” रहेगा।
उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को “रन फॉर झारखंड” का आयोजन किया जाएगा, जिसके रूट प्लान की जिम्मेदारी सहायक समाहर्ता को दी गई। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार हेतु जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी विभागों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार एलईडी वैन के माध्यम से जिले के सुदूर क्षेत्रों में करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पर्यटन स्थलों पर भी विशेष आयोजन होंगे — सेल्फी ब्रिज में बाइक रैली, बासुकीनाथ एवं मसानजोर में साइकिल रैली आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा 14 नवंबर को गांधी मैदान में जात्रा कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसकी जिम्मेदारी जेएसएलपीएस विभाग को दी गई। जनसंपर्क विभाग को नुक्कड़ नाटक आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु वॉल पेंटिंग, निबंध, एवं आर्ट प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में 12 नवंबर को ब्लड डोनेशन कैंप तथा 13 नवंबर को ए.टीम ग्राउंड में क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा।
15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
