
कोईलवर /भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)24 अक्टूबर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार गुरुवार को कोईलवर प्रखंड में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सेविकाओं ने घर-घर जाकर मतदाताओं को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी और लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।सेविकाओं ने मतदाताओं को मतदाता सूचना पर्ची भी वितरित की, जिससे उन्हें अपने-अपने मतदान केंद्र की जानकारी समय पर मिल सके। ग्रामीण इलाकों में विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को भी मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया।
जिला प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए और भोजपुर जिले में शत-प्रतिशत मतदान को साकार किया जा सके।
स्वीप कार्यक्रम के तहत आने वाले दिनों में भी प्रखंड स्तर पर विभिन्न जनजागरण गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, जिसमें स्कूल, कॉलेज और स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
