मतदानोपरांत ईवीएम संग्रहण की तैयारी तेज — बाजार समिति परिसर बनेगा सुरक्षित बज्रगृह, हर रूट रहेगा जाममुक्त।

जिलाधिकारी ने कहा — “चुनाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता, पारदर्शिता और समयबद्धता से होगी पूरी व्यवस्था सुदृढ़”।

डीएसपी ट्रैफिक, डीटीओ को प्रभावी मानिटरिंग कर सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ तैयारी करने का निर्देश।
RKTV NEWS/मुजफ्फरपुर(बिहार)12 अक्तूबर।आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जिले में प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ और चाक-चौबंद बनाने की दिशा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने शनिवार को बाजार समिति स्थित बज्रगृह एवं मतगणना केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों पदाधिकारियों ने संपूर्ण व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 6 नवंबर को मतदान समाप्ति के उपरांत सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों से पीठासीन पदाधिकारी ईवीएम एवं चुनाव सामग्री लेकर बाजार समिति परिसर स्थित बज्रगृह पहुंचेंगे। इस दृष्टि से यातायात एवं सुरक्षा की सुदृढ़ एवं सुचारू व्यवस्था, वाहनों का सुगम प्रवेश एवं निकासी मार्ग पर निर्वाध व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा बज्रगृह पर पर्याप्त काउंटर एवं कर्मी की तैनाती ईवीएम की सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुचारू संग्रहण हेतु पूर्व तैयारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों से बाजार समिति तक आने वाले मुख्य मार्गों को जाम से मुक्त रखा जाये तथा वाहनों की सुचारु आवाजाही के लिए एक सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रैफिक प्लान के अनुसार प्रमुख मार्गों पर ट्रॉली एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाय ताकि रूट मार्ग पर वाहनों के आवागमन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो।
इस दौरान उन्होंने डीसीपी ट्रैफिक, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं एसडीपीओ वन को संयुक्त रूप से यातायात नियंत्रण की प्रभावी मॉनिटरिंग करनै और किसी भी स्थिति में भीड़ या जाम की स्थिति नहीं बने, इसकी दुरूस्त व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक को चुनाव सामग्री एवं ईवीएम लाने वाले वाहनों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर संवेदनशील बिंदु पर पुलिस प्रतिनियुक्ति करने तथा निरंतर गश्ती की व्यवस्था रखने को कहा।
बज्रगृह में पर्याप्त काउंटर एवं कर्मी की होगी व्यवस्था
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि बाजार समिति स्थित बज्रगृह में हर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्रों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में काउंटर बनाए जाएं, ताकि ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री का संग्रहण तेजी से एवं व्यवस्थित ढंग से किया जा सके। किसी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक काउंटर पर दक्ष एवं प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की जाए, जो पीठासीन पदाधिकारियों से ईवीएम एवं अन्य चुनाव सामग्री को आयोग के निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप प्राप्त करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि ईवीएम के हैंडलिंग में किसी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य होगी। उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण कर लें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सूचित करें।
वाहनों की पार्किंग एवं आवागमन की विशेष व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बाजार समिति परिसर में वाहनों के प्रवेश एवं निकास द्वारों को भी जाममुक्त रखा जाय। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मतदान केद्रों से आने वाले वाहनों को सुव्यवस्थित पंक्तिबद्ध एवं नियंत्रित रूप से प्रवेश / परिसर में खड़ा करने तथा निकासी द्वार से वाहनों की सुगम एवं सुचारु निकासी की व्यवस्था करने को कहा ताकि किसी भी प्रकार की अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके लिए पुलिस बल, मजिस्ट्रेट एवं परिवहन विभाग के कर्मियों के बीच आपसी तालमेल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्वच्छता, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बाजार समिति परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीठासीन पदाधिकारी के आगमन के समय हजारों कर्मियों की उपस्थिति रहेगी, ऐसे में सभी को बुनियादी सुविधाओं की जरूरत होगी , इसका विशेष ध्यान रखने को कहा । उन्होंने नगर निगम के सिटी मजिस्ट्रेट को मतदान दिवस से पहले पूरे परिसर में सफाई अभियान चलाकर कचरा एवं जलजमाव मुक्त वातावरण बनाने को कहा। साथ ही, पेयजल टैंकर और अस्थायी शौचालयों की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था की जाय।
सीसीटीवी, पुलिस द्वारा होगी सुरक्षा और निगरानी की सुदृढ़ व्यवस्था
मतगणना केंद्र और बज्रगृह की सुरक्षा को लेकर मजबूत सुरक्षा घेरा तैयार किया जायेगा।
इसके लिए सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश पास व्यवस्था और सभी आगंतुकों की पहचान सत्यापन के लिए सख्त सुरक्षा मानक लागू किये जायेंगे।
चुनाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता, आयोग के मानक के अनुरूप करें सभी आवश्यक व्यवस्था : डीएम
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि चुनाव कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा —
“चुनाव आयोग की मंशा स्पष्ट है — हर कार्य पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता के साथ संपन्न हो। बज्रगृह और मतगणना केंद्र की व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक या देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी अधिकारी अपने कार्यों की जिम्मेदारी स्वयं लें और सुनिश्चित करें कि मतदानोपरांत संपूर्ण प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो।”
अधिकारी रहे उपस्थित
जिलाधिकारी के साथ नगर आयुक्त विक्रम वीरकर, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिम श्रीमती श्रेयाश्री, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था सुधीर कुमार सिन्हा, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी फिरोज अख्तर जिला भू अर्जन पदाधिकारी शालिग्राम शाह, सभी निर्वाची पदाधिकारी, सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

