
RKTV NEWS/चतरा ( झारखंड)24 सितंबर।समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला स्तरीय निर्यात संवर्धन समिति,रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निर्यात संवर्धन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने, निर्यात की संभावनाओं को बढ़ावा देने तथा जिला निर्यात कार्य योजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में चतरा जिले में उत्पादित विभिन्न कृषि एवं स्थानीय उत्पादों की निर्यात क्षमता पर चर्चा की गई। विशेष रूप से टमाटर की प्रचुर उत्पादकता को देखते हुए इसके प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन एवं निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त कृषि एवं खाद्य उत्पाद, स्थानीय खाद्य उत्पाद, मत्स्य एवं मीट आधारित उत्पादों सहित अन्य संभावित उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उपायुक्त ने संभावित निर्यात उत्पादों के चयन के दौरान उत्पादन क्षमता, बाजार की मांग, उत्पाद की गुणवत्ता, प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग की सुविधा तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात की व्यवहार्यता को प्रमुख आधार बनाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप प्रमाणन, आवश्यक आधारभूत संरचना, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं बाजार संपर्क को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
बैठक में जिले से संभावित उत्पादों के निर्यात में आने वाली चुनौतियों, गुणवत्ता एवं प्रमाणन संबंधी आवश्यकताओं तथा निर्यात के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों को स्थानीय उत्पादों की पहचान कर उनकी उत्पादन क्षमता एवं बाजार की संभावनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी संकलित करने तथा जिला निर्यात कार्य योजना को प्रभावी रूप से तैयार करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, हजारीबाग (कैंप कार्यालय, चतरा) शंभू शरण बैठा, अग्रणी जिला प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
