
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड) 09 अक्टूबर।दुमका में पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
भारत सरकार, एमएसएमई मंत्रालय के शाखा एमएसएमई-विकास कार्यालय, धनबाद द्वारा दुमका जिले में पीएम विश्वकर्मा योजना पर आधारित एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों को योजना से मिलने वाले लाभ, पात्रता एवं आवेदन की प्रकिया इत्यादि के बारे में वृहद रुप से जानकारी देना एवं जागरुक करना है।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वाह्न 10.30 बजे सभा कक्ष, जिला उद्योग केन्द्र, दुमका में मुख्य अतिथि आशुतोष कुमार सिंह, एलडीएम, दुमका, के.एन. सिंह, उपाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती, झारखंड एवं मंचासीन गणमान्य अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। मनोज कुमार, ईओडीबी मैनेजर, दुमका द्वारा उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि एवं सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक दीपक कुमार, आईईडीएस, सहायक निदेशक द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रूप-रेखा से अवगत कराते हुए बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना में 18 पारंपरिक विद्याओं में कार्य करने वाले कारीगर और शिल्पकार सम्मिलित हैं कारपेंटर, नाव बनाने वाले, अस्त्र बनाने वाले, लोहार, ताला बनाने वाले, हथौडा और टूलकिट बनाने वाले, सुनार, कुम्हार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, डलिया, चटाई, झाडू बनाने वाले, गुड़िया और खिलौने बनाने वाले, नाई, मालाकार, धोबी, दर्जी, मछली का जाल बनाने वाले। उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को 5-7 दिन का प्रशिक्षण एवं रूपए 500/- प्रतिदिन की दर से स्टाइपेंड देय होगा तथा प्रशिक्षण उपरान्त टूल किट हेतु 15 हजार रूपए ई-वाउचर के रूप में प्राप्त होंगे। प्रथम चरण में एक लाख रूपए तका का ऋण तथा द्वितीय चरण में दो लाख रूपए तक का कोलेटरल फ्री ऋण (5) प्रतिशत ब्याज की दर से) की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण प्राप्त करने पर पीएम विश्वकर्मा प्रमाण-पत्र और पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
सम्मानित अतिथि के.एन. सिंह, उपाध्यक्ष, लघु उद्योग भाररती, झारखंड ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया एवं इस योजना का लाभ लेने की अपील की।
मुख्य अतिथि आशुतोष कुमार सिंह, एलडीएम, दुमका ने कार्यक्रम के उद्घाटन में अपने अभिभाषण में कहा कि भारत सरकार की ओर से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, विश्वकर्मा जयंती 17 सितम्बर, 2023 को प्रधानमंत्री के द्वारा डिजिटली बैच (लागू) की गई थी। भारत सरकार के द्वारा इस योजना को प्रारंभ करने का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों को आर्थिक सहायता एवं उन्नत उपकरण प्रदान करते हुए उनके व्यवसाय में बढ़ोतरी कराना है जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने सभा में उपस्थित 18 पारंपरिक विद्याओं में कार्य करने वाले कारीगरों और शिल्पकारों से इस योजना का लाभ लेने हेतु ज्यादा से ज्यादा संख्या में पंजीकरण कराने का आह्वान किया।
तकनीकी सत्र में शशि भूषण कुमार, एक्सपर्ट फैकल्टी, डिजिटल मार्केटिंग एवं ई-कॉमर्स ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन बाजार में अपने उत्पादों को विक्रय करने के बारे में विस्तार से बताया। प्रोडक्ट के कीमत निर्धारण, पैकेजिंग, लेबलिंग एवं ई-कॉमर्स साइट पर ऑनबोर्डिंग के बारे में सरल शब्दों में सभी प्रतिभागियों को अवगत कराया। भोजनावकाश के बाद तकनीकी सत्र में दास कुमार एक्का, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, दुमका ने इस योजना में रजिस्ट्रेशन करने की प्रक्रिया, उद्यम पंजीकरण की प्रक्रिया, पात्रता एवं मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने प्रतिभागियों को झारखंड सरकार की ओर से उपलब्ध सहायता योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान किया। अजीत कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक, आईपीपीबी, दुमका द्वारा पीएम विश्वकर्मा लाभुकों को यूपीआई क्यू आर कोड बनाकर दिया गया जिससे उन्हें यूपीआई लेन देन में सुविधा हो।
शिविर में RAMP योजना के तहत कुल 20 उद्यमियों का ऑन स्पॉट उद्यम पंजीकरण (Udyam Registration) कराया गया।
साथ ही उपस्थित सभी उद्यमियों को MSME अंतर्गत उद्यम पंजीकरण की प्रक्रिया एवं इसके लाभों के बारे में ई.ओ.डी.बी. मैनेजर मनोज कुमार प्रमाणिक द्वारा विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कुणाल, यंग प्रोफेशनल ने कार्यक्रम की समाप्ति पर सभा में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। दुमका जिले के लगभग 110 से ज्यादा शिल्पकारों और कारीगरों ने इस जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होकर पीएम विश्वकर्मा योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त किया। शाखा एम.एस.एम.ई. विकास कार्यालय, धनबाद के कार्मिकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में संपूर्ण सहयोग किया।
