
RKTV NEWS/देवघर ( झारखंड)02 अक्टूबर।गांधी जयंती के अवसर पर आज प्रातः 9:00 बजे नगर आयुक्त अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ टावर चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचकर माल्यार्पण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ने राष्ट्रपिता को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी सिर्फ आज़ादी के महानायक ही नहीं थे, बल्कि स्वच्छता और सादगी उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा था। उन्होंने सदैव यह संदेश दिया कि स्वच्छता व्यक्तिगत जीवन से लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण तक की मूलभूत नींव है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए देवघर नगर निगम भी स्वच्छ शहर, सुंदर शहर बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
नगर आयुक्त के साथ मौजूद सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक एवं निगमकर्मी भी उपस्थित रहे। सभी ने बारी-बारी से गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि हम सभी को गांधीजी के स्वच्छता अभियान को आत्मसात करना होगा। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प ले, तो शहर स्वच्छ और स्वस्थ बनेगा।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्वच्छता ही सेवा की शपथ ली और गांधीजी के स्वप्न ‘स्वच्छ भारत’ को साकार करने का प्रण लिया। इस अवसर पर शहरवासियों से भी अपील की गई कि वे खुले में कचरा न फेंकें, गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग निपटान करें तथा निगम की सफाई व्यवस्था में सहयोग दें।
गांधी जयंती के इस अवसर पर टावर चौक की वातावरण महात्मा गांधी के विचारों और स्वच्छता संदेशों से ओत-प्रोत हो उठा। यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि था बल्कि स्वच्छता को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक भी बना।
