भारत विभाजन की स्मृतियों से रूबरू हुआ बागपत, प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, भावुक हुए लोग।
सूचना विभाग ने विभाजन की त्रासदी को दर्शाती 52 पोस्टर की विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का किया आयोजन।
विकास भवन में प्रदर्शनी में उमड़ी दर्शकों की भीड़, विभाजन की त्रासदी के चित्र देख सोच में पड़े लोग।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)15 अगस्त। देश के इतिहास के सबसे दर्दनाक और हृदयविदारक अध्यायों में से एक भारत विभाजन की त्रासदी को स्मरण कर, उसके पीड़ादायक परिणामों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद बागपत में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग बागपत द्वारा विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने गहन अवलोकन किया।
भारत विभाजन के समय नफरत और हिंसा की आग में लाखों निर्दोष लोग झुलसे, करोड़ों विस्थापित हुए और असंख्य परिवार बिछड़ गए। यह घटना भारतीय सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकजुटता को गहरा आघात देने वाली थी। इसी स्मृति को सजीव करने और एकता, सामाजिक सद्भाव तथा मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए शासन स्तर पर इस दिवस का आयोजन किया जाता है।
प्रदर्शनी में विभाजन काल के दुर्लभ चित्र, दस्तावेज़ और 52 पृष्ठों के विस्तृत पोस्टरों के माध्यम से उस त्रासदी का मार्मिक चित्रण किया गया, जिसे देखकर उपस्थित जनमानस भावुक हो उठा। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में दर्शाए गए चित्रों का सूक्ष्मता से अवलोकन करते हुए कहा कि “विभाजन किसी भी परिस्थिति में समाधान नहीं, बल्कि समस्याओं को जन्म देता है। हमें सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से एकजुट रहना चाहिए।” उन्होंने विभाजन को भारतीय इतिहास का एक काला अध्याय बताते हुए कहा कि इसका गहरा आर्थिक और सामाजिक असर पड़ा, जिससे लाखों लोग विस्थापित हुए और असंख्य परिवारों को अपार पीड़ा सहनी पड़ी।
इस अवसर पर प्रदर्शनी का अवलोकन जिले के समस्त अधिकारियों और आमजन ने किया। कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से भारत आकर बसे परिवार की प्रतिनिधि एवं स्वर्गीय मुलखराज गिरोत्रा की पत्नी सुदर्शना गिरोत्रा निवासी बड़ौत को जिलाधिकारी द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार त्रिपाठी ने विभाजन विभीषिका पर अपनी कविता के माध्यम से सभी को भावुक कर दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी राहुल वर्मा, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण अत्री, सहायक आयुक्त सहकारिता इंदु सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

