
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद) 25 सितंबर।इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल के शैलकला सभागार में हिंदी पखवाड़ा 2026 के तहत ‘हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष’ विषय पर आलेख लेखन प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन संग्रहालय की राजभाषा इकाई द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक हेमंत बहादुर सिंह परिहार एवं एन. सकमचा सिंह रहे।
प्रतियोगिता के दौरान हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए, संयोजक हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने ,वर्ष 1826 में पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा निकाले गए पहले हिंदी समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तंड’ से लेकर आधुनिक डिजिटल पत्रकारिता एवं आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस के उपयोग तक की विकास यात्रा पर विशेष प्रकाश डाला और इन दो शताब्दियों के सफर, हिंदी पत्रकारिता की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका, सामाजिक जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और बदलते मीडिया परिदृश्य जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार उपस्थित सभी प्रतिभागियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में संग्रहालय के कई प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी राजेंद्र कुमार झारिया ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के विषय और उद्देश्य की जानकारी दी तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन कर्मचारियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं लेखन क्षमता को निखारने में अत्यंत सहायक होते हैं।
समारोह के अंत में सह संयोजक एन सकमाचा सिंह द्वारा, सभी का आभार प्रदर्शन किया ।
