RK TV News
खबरें
Breaking News

पटना:22 अगस्त से पूरे राज्य में चलाया जाएगा “दिव्यांगजन आपदा सुरक्षा कार्यक्रम”

‘सुरक्षित शुक्रवार’ के साथ होगी दिव्यांगजनों की आपदा सुरक्षा यात्रा की औपचारिक शुरुआत।

RKTV NEWS/पटना ( बिहार)07 अगस्त।बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अति-महत्वाकांक्षी “दिव्यांगजन आपदा सुरक्षा कार्यक्रम” का विस्तार अब पूरे राज्य में किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग की संस्था “सक्षम” के सहयोग से पंचायत स्तर पर प्रारंभ हो रहे इस कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों एवं प्रबंधन पर जिला कार्यक्रम प्रबंधकों की एक बैठक-सह-कार्यशाला का आयोजन 7 अगस्त, 2025 को प्राधिकरण के सभाकक्ष में किया गया।बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत ने की।
प्राधिकरण सदस्य पी.एन. राय, नरेन्द्र कुमार सिंह एवं प्रकाश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर सचिव मो. वारिस खान, भा.प्र.से., ओएसडी मो. मोइज उद्दीन, विशेष सचिवआशुतोष सिंह, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कमांडेंट राजेश कुमार, “सक्षम” की ओर से डिप्टी सीईओ सुनील कुमार, एसपीएम (एचआर) शाहनवाज अहमद, बिपार्ड के गेस्ट फैकल्टी डॉ. ओम प्रकाश तथा अभिप्सा स्पेशल स्कूल की सचिव सुमन कुमारी सहित राज्य के सभी जिलों से आए सक्षम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक उपस्थित थे। बैठक का संचालन नोडल पदाधिकारी संदीप कमल ने किया।
दिव्यांगजन आपदा सुरक्षा कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ 22 अगस्त, 2025 को किया जाएगा। इसी दिन पूरे प्रदेश में “आपदा सुरक्षा जागरूकता कैंप” (सुरक्षित शुक्रवार) 101 बुनियाद केंद्रों/चिन्हित स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे। पटना के समीप दानापुर स्थित बुनियाद केंद्र पर एक औपचारिक उद्घाटन समारोह पूर्वाह्न आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, सदस्यगण एवं सचिव भाग लेंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी बुनियाद केंद्र इस उद्घाटन से जुड़ेंगे। एसडीआरएफ और प्रशिक्षित आपदा मित्र कैंपों के आयोजन में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत ने जिला कार्यक्रम प्रबंधकों को संबोधित करते हुए कहा कि “दिव्यांगजन आपदा सुरक्षा कार्यक्रम केवल एक योजना नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाया गया एक पवित्र प्रयास है। जिन दिव्यांगजनों के लिए आप कार्य कर रहे हैं, वे ईश्वर के साक्षात स्वरूप हैं। हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मबल भी दें। आपकी करुणा, समर्पण और भावनात्मक समझ इस कार्यक्रम की असली ताकत है। उन्होंने मुख्यमंत्री के संकल्प का जिक्र करते कहा कि मुख्यमंत्री जी दिव्यांगजनों से जुड़े हर कार्य में अत्यंत संवेदनशील हैं। 15 अगस्त, 2022 को गांधी मैदान से उन्होंने कहा था कि दिव्यांगजनों को आपदाओं में सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएँगे। नीतीश कुमार जी ने ही पहली बार ‘आपदा प्रबंधन की बात कही और सिर्फ राहत नहीं, पूर्व तैयारियों पर भी ज़ोर दिया ।
उपाध्यक्ष ने सक्षम के अधीन संचालित सभी बुनियाद केंद्र को ‘हैंडहोल्डिंग के माध्यम से दिव्यांग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि आप दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को आपदा सुरक्षा का प्रशिक्षण देने के साथ ही उन्हे समाज की मुख्यधारा में भी जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कार्यक्षमता के अनुसार दिव्यांगजनों को तीन श्रेणियों में बांटकर कार्य करने को कहा। वे दिव्यांग, जो बहुत कमजोर हैं, उन्हें अधिक मार्गदर्शन और सहयोग मिले। आवश्यकता है उन्हें आजीविका, स्वरोजगार या उपयुक्त नौकरी से जोड़ने की ।
जिला कार्यक्रम प्रबंधकों की बैठक-सह-कार्यशाला में “दिव्यांगजनों की ज़रूरतें और प्रशिक्षक के रूप में हमारा दायित्व” विषय पर सुमन कुमारी ने प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों की शारीरिक, शैक्षणिक, सामाजिक, तकनीकी एवं भावनात्मक ज़रूरतों को समझते हुए प्रशिक्षकों को संवेदनशील, समावेशी एवं सुलभ प्रशिक्षण सामग्री विकसित करनी चाहिए। आपदा के समय दिव्यांगजनों की सुरक्षा, निकासी एवं पुनर्वास के विशेष उपायों – जैसे पहचान, दृश्य अलार्म, रैम्प, ब्रेल सामग्री, मानसिक सहयोग आदि – पर खास ध्यान देने की जरूरत है ।
बैठक में आपदा की स्थिति में दिव्यांगजनों को सुरक्षित करने, उन्हें आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने एवं इस कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने के विभिन्न उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। यह भी बताया गया कि मॉक ड्रिल्स, प्रशिक्षण, अभिभावकों से समन्वय और सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव के ज़रिए हम दिव्यांगजनों को आपदा के प्रति अधिक सुरक्षित बना सकते हैं। बैठक में उपस्थित सभी जिलों के कार्यक्रम प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे इस दृष्टिकोण को जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण में अपनाएं और पंचायत स्तर तक इसे प्रभावी बनाएं।

Related posts

चिंताजनक है सरकारी अधिकारियों का दुरुपयोग।

rktvnews

जयपुर:उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण,बच्चों के भविष्य को संवारने पर जोर।

rktvnews

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने “मन की बात” कार्यक्रम में सुना प्रधानमंत्री का संबोधन।

rktvnews

भारतीय जनता पार्टी गजराजगंज मंडल की महिला मोर्चा की अध्यक्ष बनाई गई अनिता कुमारी।

rktvnews

उज्जैन:जिले का विजन डॉक्यूमेंट बनाएं : कलेक्टर नीरज कुमार सिंह

rktvnews

भारत और अर्जेंटीना ने लिथियम का पता लगाने एवं खनन संबंधी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

rktvnews

Leave a Comment