सांस्कृतिक झलक और खेल प्रतियोगिताओं के साथ बिहार दिवस-2026 की हुई धमाकेदार शुरुआत।

परंपरा, प्रतिभा और प्रगति का भव्य संगम बना बिहार दिवस।
RKTV NEWS/बेतिया (पश्चिमी चंपारण)22 मार्च।बिहार दिवस-2026 के अवसर पर आज पश्चिम चम्पारण जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य एवं विविधतापूर्ण कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन प्रारंभ हुआ।
गांधी सभागार (ऑडिटोरियम), बेतिया में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गान के साथ हुआ, जबकि 24 मार्च को समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत आज सुबह समाहरणालय परिसर से पुलिस लाइन तक आयोजित वॉकथॉन से हुई, जिसमें अधिकारियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वॉकथॉन मुहर्रम चौक-एमजेके कॉलेज-सर्किट हाउस होते हुए पुलिस लाइन बेतिया पहुंचा। उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित यह वॉकथॉन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार के संकल्प का प्रतीक है। इसमें समाज के सभी वर्गों—अधिकारी, शिक्षक, खिलाड़ी और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि हम सब मिलकर एक सशक्त और जागरूक बिहार के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस तरह के आयोजनों से न केवल लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि सामाजिक एकता और सहभागिता की भावना भी मजबूत होती है।
उन्नत बिहार-उज्जवल बिहार की थीम पर बिहार दिवस समारोह 2026 का मुख्य आयोजन बेतिया रमना मैदान में स्थित बापू सभागार में जिला प्रशासन पश्चिम चंपारण एवं शिक्षा विभाग पश्चिम चंपारण के किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन वरीय पुलिस अधीक्षक बेतिया डॉ. शौर्य सुमन, उप विकास आयुक्त कजाले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री रविंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान गार्गी कुमारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अनुभव, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रारंभ बिहार राज्य गीत से किया गया, जिसे संगीत शिक्षक असलम चिश्ती, सत्यम मिश्रा, हरिशंकर मिश्रा, अनिल कुमार शर्मा तथा खुशबू मिश्रा ने सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से बिहार की सांस्कृतिक छटा को बिखेरी। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बगहा एक की छात्राओं ने आदिवासी लोक नृत्य की बहुत ही बेहतर प्रस्तुत दी।
प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय प्रजापति मिश्रा विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान, राज इंटर कॉलेज के छात्रों में समूह नृत्य, संत तरेसा विद्यालय के छात्राओं में कजरी नृत्य की प्रस्तुति, सत्यम कला केंद्र के छात्र-छात्राओं ने कव्वाली से दर्शकों का मन मोह लिया। एकल प्रस्तुति में असलम कव्वाल, हरिशंकर मिश्रा, खुशबू मिश्रा, अनिल शर्मा तथा सत्यम मिश्रा ने से बढ़कर
एक प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन सच्चिदानंद ठाकुर, प्रधानाध्यापक उत्क्रमित मध्य विद्यालय लच्छुछापर एवं मेरी एडलिन शिक्षिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुमरिया स्टेट नरकटियागंज ने किया।
गांधी सभागार (ऑडिटोरियम), बेतिया में आयोजित तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं भोजपुरी लोक चित्रकला कार्यशाला आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा की फोटोग्राफी प्रदर्शनी ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
बिहार दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग एवं जीविका जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों को दी गई।
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए क्विज, गणित ओलंपियाड, पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जबकि खेल भवन में कबड्डी, फुटबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ऑडिटोरियम में दूर-दूर से देखने आए दर्शक, छात्राओं ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
जिला प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं आमजनों का आभार व्यक्त करते हुए उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपील की।


