
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 6 अगस्त। सेल्फी लेना एक युवक को महंगा पड़ गया। सेल्फी लेने के चक्कर मे उसकी जान चली गई। बहोरनपुर थाना क्षेत्र के चंदा केवटिया और उमरावगंज के बीच सेल्फी लेने के चक्कर मे एक युवक पानी में गिर गया। तेज धार तथा गहरे पानी मे चले जाने के कारण डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक बिहिया प्रखंड के पिपरा जगदीश पंचायत के कलपट्टी गाँव निवासी अनूप यादव (24 वर्ष) बताया जाता है। वह कलपट्टी के रामाशंकर यादव का पुत्र बताया जाता है। घटना की सूचना मिलते ही बहोरनपुर थाना पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीम के साथ पहुँच कर शव की खोजबीन में लग गये। शाहपुर सीओ रश्मि सागर ने बताया कि गहरे पानी मे चले जाने, तेज धार होने तथा अंधेरा होने के कारण शव को खोजा नहीं जा सका। स्थानीय लोगों तथा एसडीआरएफ की टीम द्वारा शव को खोजने का पूरा प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। कल सुबह से ही शव को खोजने का काम शुरू किया जायेगा।
