RKTV NEWS/पटना (बिहार)29 जुलाई।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज वैशाली जिले में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वे स्मृति स्तूप के प्रथम तल पर स्थित मुख्य हॉल में भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेष के अधिष्ठापन कार्य एवं पूजा समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में 15 देशों से पधारे प्रमुख बौद्ध भिक्षु एवं धर्मावलंबी उपस्थित रहे।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने संग्रहालय परिसर में बोधगया के पवित्र बोधि वृक्ष के शिशु पौधे का भी रोपण किया। साथ ही, ‘मेकिंग ऑफ बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप’ नामक विशेष दीर्घा का उद्घाटन करते हुए उन्होंने भगवान बुद्ध के जीवन, उनके कार्यों एवं आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित कलाकृतियों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मृति स्तूप के प्रथम तल पर भगवान बुद्ध का पावन अस्थि कलश स्थापित किया गया है। वैशाली के मड स्तूप से प्राप्त यह अवशेष सर्वाधिक प्रामाणिक माने जाते हैं, जिनका उल्लेख चीन के प्रसिद्ध यात्री ह्वेनसांग ने भी अपनी यात्रा-वृत्तांत में किया है।
उन्होंने कहा कि यह भव्य परिसर वैशाली को वैश्विक बौद्ध मानचित्र पर प्रतिष्ठा प्रदान करेगा तथा पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय रोजगार को भी नई गति देगा।
ज्ञातव्य है कि यह भव्य स्तूप 72 एकड़ भूमि पर राजस्थान के गुलाबी पत्थरों से निर्मित है। परिसर में पुस्तकालय, संग्रहालय, तालाब, गेस्ट हाउस, एमपी थियेटर, कैफेटेरिया एवं आधुनिक पार्किंग की सुविधा भी विकसित की गई है।
इस स्तूप का शिलान्यास वर्ष 2019 में किया गया था। आज यह सपना साकार होकर बिहार को गौरवान्वित कर रहा है।
