
पटना/ बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 29 जुलाई। एक रात की बारिश ने राजधानी की रंगत बिगाड़ दी। रविवार की मध्य रात्रि के बाद और सोमवार के अहले सुबह तथा दिन की बारिश ने राजधानी पटना को पानी-पानी कर दिया। जिधर देखिए उधर पानी। अलग-अलग जगहों एवं मुहल्लों मे अलग-अलग ऊंचाई तक पानी देखा गया। एड़ी से लेकर घुटना की ऊंचाई तक सड़कों और मुहल्लों मे पानी लगा रहा। यहाँ तक की वीआइपी क्षेत्र भी इससे अछूते नहीं रहे। वीआइपी क्षेत्र मे भी सड़कों पर पानी लगा हुआ दिखा। इंद्र भगवान ने एक दिन मे ही पटना नगर निगम और सरकार की पोल खोल कर रख दी। लोगों की दिनचर्या पानी में ही शुरू हुई। पानी में कई वाहन बंद हो गये। खासकर टू व्हीलर मे ये समस्या ज्यादा दिखी। पानी में लोगों की स्कूटी और बाइक बंद हो गई। लोगों को अपनी बाइक या स्कूटी को ठेल कर एवं धक्का दे कर अपने गंतव्य तक ले जाना पड़ा। लोगों को मजबूरन पानी पार कर अपने काम मे जाना पड़ा। कई बच्चे सड़क पर लगे पानी मे खेलते और नहाते दिखे। रिक्शा वालों की चांदी रही। रिक्शा वालों ने पानी पार कराने का मनमाना भाङा वसूला। बारिश ने पटना के ड्रेनेज सिस्टम की भी पोल खोल कर रख दी।
